लखनऊ। गोलागंज स्थित बारूदखाना क्षेत्र में बने एसए अपार्टमेंट को ध्वस्त करने का फैसला लिया गया है। छह मंजिला इस अवैध अपार्टमेंट को जांच में असुरक्षित पाए जाने के बाद इसे गिराने की तैयारी शुरू कर दी गई है। इमारत के कुछ पिलर क्षतिग्रस्त होने से उसके गिरने का खतरा बढ़ गया है।
जांच में अपार्टमेंट का निर्माण मानकों के अनुरूप नहीं पाए जाने की बात सामने आई है। निर्माण की गुणवत्ता को लेकर भी गंभीर सवाल उठे हैं। इमारत की मौजूदा स्थिति को देखते हुए संबंधित अधिकारियों ने इसे ध्वस्त करने का निर्णय लिया है।
बिल्डर को जारी होगा ध्वस्तीकरण नोटिस
अवैध निर्माण को गिराने के लिए बिल्डर को नोटिस जारी किया जाएगा। इसके बाद नियमानुसार ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों के मुताबिक कार्रवाई का उद्देश्य आसपास रहने वाले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
फ्लैट मालिकों को एलडीए नहीं देगा आवास
अपार्टमेंट के फ्लैट मालिकों के सामने अब अपने आशियाने को लेकर संकट खड़ा हो गया है। एलडीए की ओर से प्रभावित फ्लैट मालिकों को वैकल्पिक आवास उपलब्ध नहीं कराया जाएगा। फ्लैट मालिकों को अपने आवास और नुकसान की भरपाई के लिए बिल्डर से ही मांग करनी होगी।
वहीं, जानकारी के अनुसार मामले में बिल्डर के खिलाफ अभी तक प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है। अपार्टमेंट के निर्माण से जुड़े दस्तावेजों, अनुमति और निर्माण की गुणवत्ता की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई किए जाने की बात कही जा रही है।


