38.1 C
Lucknow
Monday, July 13, 2026

25 हजार का इनामी गोवध आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल, तमंचा, बांका और छुरी बरामद

Must read

 

फर्रुखाबाद। कोतवाली कायमगंज पुलिस ने गोवध अधिनियम के एक मामले में फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी ने बरामदगी के दौरान पुलिस अभिरक्षा से भागने का प्रयास किया और अवैध तमंचे से पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में आरोपी के बाएं पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कायमगंज में भर्ती कराया गया।

पुलिस के अनुसार रविवार, 13 जुलाई 2026 को कोतवाली कायमगंज पुलिस टीम गोवध अधिनियम के अभियोग में 25 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त चंदा उर्फ चाँद मियां को उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त आलाकत्ल की बरामदगी के लिए थाना क्षेत्र के मीरपुर से कलाखेल जाने वाले खड़ंजा मार्ग के समीप जंगल में लेकर गई थी। इसी दौरान आरोपी अचानक पुलिस अभिरक्षा से छूटकर भाग निकला और झाड़ियों में पहले से छिपाकर रखे अवैध .315 बोर तमंचे को निकालकर पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायर कर दिया।

पुलिस टीम ने तत्काल आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के बाएं पैर में गोली लग गई। गोली लगने के बाद पुलिस ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया और तत्काल उपचार के लिए सीएचसी कायमगंज भेजा, जहां उसका इलाज कराया गया।

घटना की सूचना मिलते ही जनपदीय फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य संकलित किए। पुलिस ने अभियुक्त की निशानदेही एवं कब्जे से एक अवैध .315 बोर तमंचा, एक जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस, घटना में प्रयुक्त एक बांका तथा एक छुरी बरामद की है।

पुलिस ने बताया कि मुठभेड़, पुलिस पर फायरिंग तथा अवैध शस्त्र एवं आलाकत्ल की बरामदगी के संबंध में कोतवाली कायमगंज में अलग से अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। आरोपी से पूछताछ के आधार पर मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article