28.1 C
Lucknow
Monday, September 28, 2026

योगी से नियुक्ति पत्र पाकर भावुक हुईं महिला अभ्यर्थी, बोलीं- गर्भवती हूं, अब बच्चे के भविष्य की चिंता नहीं

Must read

 

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को राजधानी के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में 1,375 नवचयनित ग्राम पंचायत अधिकारियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। नियुक्ति पत्र मिलने के बाद कई अभ्यर्थियों के चेहरे पर खुशी नजर आई। लखनऊ की श्रुति श्रीवास्तव और गोरखपुर की ब्यूटी शाही अपने अनुभव साझा करते हुए भावुक हो गईं। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने चयनित अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं दीं।

श्रुति ने रुंधे गले से कहा कि वह गर्भवती हैं। उन्होंने बताया कि उन्हें अपने और आने वाले बच्चे के भविष्य की चिंता थी, लेकिन सरकारी नौकरी मिलने के बाद उन्हें बड़ी राहत मिली है। वहीं गोरखपुर की ब्यूटी शाही ने कहा कि उनके परिवार की आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं थी। नियुक्ति मिलने के बाद उन्हें उम्मीद है कि परिवार की परिस्थितियां बेहतर होंगी।

कार्यक्रम में पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर भी मौजूद रहे। उन्होंने अपने संबोधन में सरकार की भर्ती व्यवस्था और पंचायत विभाग में हुए बदलावों का उल्लेख किया। राजभर ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले सरकारी नौकरी की भर्ती में भ्रष्टाचार के आरोप लगते थे और उन्होंने दावा किया कि अब बिना पैसे के युवाओं को नौकरी मिल रही है।

राजभर ने अपने संबोधन में राजनीतिक टिप्पणी करते हुए कहा कि “आप 1,375 लोग हैं, बताओ सपा और कांग्रेस की लंका जलाओगे या नहीं?” उन्होंने हनुमानजी और लंका का उदाहरण देते हुए नवनियुक्त ग्राम पंचायत अधिकारियों को सरकार की नीतियों के पक्ष में उत्साहित किया। उन्होंने यह भी कहा कि 2027 में सपा को साफ और कांग्रेस को आधा करने की बात कही।

राजभर ने दावा किया कि वर्ष 2017 से पहले पंचायती राज विभाग को सीमित भूमिका वाला विभाग माना जाता था, जबकि अब 57 हजार ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों से इसकी भूमिका जुड़ी है। उन्होंने पंचायत सहायकों के मानदेय में वृद्धि, आधुनिक पंचायत सचिवालय और बैंकिंग सेवाओं जैसी व्यवस्थाओं का भी उल्लेख किया।

पिछले दस दिनों में विभिन्न विभागों के 6,672 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिए जाने की जानकारी दी गई। 19 सितंबर को 818, 20 सितंबर को पुलिस विभाग में 912 और 22 सितंबर को सहायता प्राप्त विद्यालयों के 3,567 चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिए गए। इसके बाद 28 सितंबर को 1,375 ग्राम पंचायत अधिकारियों को नियुक्ति मिली। नियुक्ति पत्र वितरण का कार्यक्रम लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित किया गया था।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article