– रसूलाबाद गांव में हादसा, अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
उन्नाव। जिले में लगातार बारिश के बीच आसीवन थाना क्षेत्र के रसूलाबाद गांव में कच्ची दीवार गिरने से बड़ा हादसा हो गया। दीवार के मलबे में दबकर एक व्यक्ति की मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
जानकारी के अनुसार बारिश के कारण कच्ची दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। व्यक्ति मलबे की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल मलबा हटाकर उसे बाहर निकाला और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जानकारी जुटाई।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा है। पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।


