– लखनऊ समेत 17 जिलों के लिए चेतावनी, लोगों से सतर्क रहने की अपील
लखनऊ। लगातार हो रही बारिश के बीच मौसम विभाग ने अगले तीन घंटे के दौरान भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। चेतावनी के दायरे में राजधानी लखनऊ समेत प्रदेश के कई जिले शामिल हैं। बारिश के साथ जलभराव और यातायात प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग के अलर्ट के अनुसार हमीरपुर, जालौन, कानपुर और इटावा में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इसके अलावा आगरा, कासगंज और अयोध्या के लिए भी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
उन्नाव, औरैया, लखनऊ और बाराबंकी में भी अगले कुछ घंटों के दौरान बारिश को लेकर चेतावनी जारी की गई है। वहीं कन्नौज, हरदोई, सीतापुर और बहराइच में भी मौसम खराब रहने की संभावना है।
इसके अलावा गोंडा, लखीमपुर, बरेली और पीलीभीत में भी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
राजधानी समेत प्रदेश के कई हिस्सों में पिछले कई घंटों से बारिश का दौर जारी है। लगातार बारिश के कारण कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति बन गई है। सड़कों पर पानी भरने से यातायात प्रभावित हो रहा है। कई जगह पेड़ गिरने की घटनाएं भी सामने आ रही हैं।
मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए लोगों से अपील की गई है कि अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचें, जलभराव वाले रास्तों पर जाने से परहेज करें और मौसम की ताजा जानकारी पर नजर रखें।


