– कच्चे तेल की कीमत 102 डॉलर के पार पहुंचने और कमजोर वैश्विक संकेतों से बिगड़ा बाजार का मूड
मुंबई। गुरुवार को भारतीय शेयर बाजार में कारोबार की शुरुआत भारी गिरावट के साथ हुई। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 700 अंक से अधिक टूट गया, जबकि निफ्टी 1 फीसदी से ज्यादा नीचे आ गया। बाजार में बैंकिंग और वित्तीय शेयरों में बिकवाली का दबाव देखने को मिला।
सुबह करीब 10:25 बजे सेंसेक्स 743.92 अंक यानी 0.99 फीसदी गिरकर 74,084.33 पर कारोबार कर रहा था। इसी समय निफ्टी 242.20 अंक यानी 1.03 फीसदी की गिरावट के साथ 23,204.60 पर था।
बाजार में गिरावट की प्रमुख वजहों में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी शामिल रही। ब्रेंट क्रूड करीब 102 डॉलर प्रति बैरल के स्तर पर पहुंच गया। गुरुवार को ब्रेंट करीब 102.13-102.5 डॉलर प्रति बैरल के आसपास कारोबार करता दिखा।
भारत अपनी जरूरत का बड़ा हिस्सा कच्चे तेल के आयात से पूरा करता है। ऐसे में तेल की कीमत बढ़ने से देश के आयात बिल, महंगाई और कंपनियों की लागत पर दबाव बढ़ने की आशंका रहती है।
बाजार पर अमेरिकी बॉन्ड यील्ड में बढ़ोतरी का भी असर पड़ा। अमेरिकी 10-वर्षीय ट्रेजरी यील्ड 5.11 फीसदी तक पहुंची, जो बाजार के लिए चिंता का कारण बनी। ऊंची यील्ड से वैश्विक निवेशकों के बीच जोखिम वाली परिसंपत्तियों को लेकर धारणा प्रभावित हो सकती है।
शुरुआती कारोबार में बैंक और एनबीएफसी शेयरों में दबाव रहा। बजाज फाइनेंस करीब 4.75 फीसदी तक नीचे आया, जबकि बजाज फिनसर्व, एक्सिस बैंक, इंडसइंड बैंक, कोटक महिंद्रा बैंक और एचडीएफसी बैंक भी दबाव में रहे।
वहीं कुछ शेयरों में खरीदारी भी देखने को मिली। टेक महिंद्रा, सन फार्मा, एचसीएल टेक, आईसीआईसीआई बैंक और टीसीएस शुरुआती कारोबार में बढ़त वाले प्रमुख शेयरों में रहे।
अमेरिकी बाजार बुधवार को गिरावट के साथ बंद हुए। एशियाई बाजारों में भी गुरुवार को मिश्रित रुख रहा। कच्चे तेल की कीमतों में उछाल, ऊंची बॉन्ड यील्ड और अमेरिका-ईरान तनाव से जुड़ी अनिश्चितता ने वैश्विक निवेश धारणा पर दबाव बनाया।
बाजार में गिरावट के बीच निवेशकों की नजर आज नेशनल स्टॉक एक्सचेंज की शेयर बाजार में लिस्टिंग पर भी है। बुधवार को सेंसेक्स 299.17 अंक और निफ्टी 117.80 अंक की बढ़त के साथ बंद हुए थे।


