लखनऊ। जानकीपुरम क्षेत्र में एक सोलर कारोबारी के साथ कथित तौर पर अपहरण, मारपीट और लूट की सनसनीखेज घटना सामने आई है। पीड़ित ने आरोप लगाया है कि आरोपियों ने उसे असलहे के बल पर कार में बंधक बनाकर मारपीट की और जबरन उसके खाते से ₹1.28 लाख ऑनलाइन ट्रांसफर करा लिए। साथ ही सोने की चेन और अंगूठी भी लूट ली गई।
पीड़ित सीतापुर निवासी अभिषेक सिंह के अनुसार, घटना के दौरान आरोपियों ने उसे कार में बंधक बनाकर विभिन्न स्थानों पर घुमाया और लगातार मारपीट करते रहे। उन्होंने साहिल सिंह, हिमांशु तथा पांच अन्य साथियों पर वारदात को अंजाम देने का आरोप लगाया है।
पीड़ित का कहना है कि आरोपियों ने ऑनलाइन रुपये ट्रांसफर कराने के बाद उसकी सोने की चेन और अंगूठी भी छीन ली। इसके बाद उसे जनेश्वर मिश्र पार्क के पास छोड़कर फरार हो गए।
मामले की शिकायत पुलिस से की गई है। पुलिस आरोपों के आधार पर घटना की जांच कर रही है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। फिलहाल पुलिस की ओर से जांच जारी है और आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।


