34.4 C
Lucknow
Tuesday, September 22, 2026

बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती सिस्टम से बदलेगा मौसम

Must read

 

यूपी में 24 सितंबर से बारिश के आसार

उन्नाव में सड़कों पर नाव चली, कई राज्यों में अलर्ट

नई दिल्ली। बंगाल की खाड़ी में बन रहे चक्रवाती सिस्टम के चलते देश के कई राज्यों में एक बार फिर मौसम करवट लेने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार यह सिस्टम मंगलवार तक चक्रवाती तूफान का रूप ले सकता है। इसके प्रभाव से पश्चिम बंगाल, बिहार, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ समेत आठ राज्यों में तेज बारिश और आंधी की स्थिति बन सकती है। वहीं उत्तर प्रदेश में मानसून कमजोर पड़ने के बावजूद नदियों के बढ़े जलस्तर से कई इलाकों में बाढ़ और जलभराव की स्थिति बनी हुई है।

उन्नाव में गंगा का पानी रिहाइशी इलाकों तक पहुंचने से सड़कें जलमग्न हैं और लोगों को आवागमन के लिए नाव का सहारा लेना पड़ रहा है। ललितपुर में बेतवा नदी का पानी पुल के ऊपर से बह रहा है। पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार बारिश के कारण नदियों का जलस्तर बढ़ने से मैदानी इलाकों में भी इसका असर दिखाई दे रहा है। यूपी में अगले दो से तीन दिनों में मानसून की वापसी शुरू होने की संभावना जताई गई है, लेकिन 24 सितंबर से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में फिर बारिश के आसार हैं।

मध्य प्रदेश में 23 सितंबर से बारिश का नया दौर शुरू होने की संभावना है। 24 और 25 सितंबर को सिस्टम की सक्रियता बढ़ने से 17 जिलों में भारी या अति भारी बारिश का अलर्ट है। भोपाल और नर्मदापुरम संभाग में भी इसका असर देखने को मिल सकता है। राज्य में अब तक मानसून की करीब 91 प्रतिशत बारिश हो चुकी है।

बिहार में पटना समेत 19 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है। छत्तीसगढ़ के रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, बस्तर, बीजापुर, नारायणपुर और कांकेर समेत कई जिलों में बारिश की संभावना है। उत्तराखंड के सात जिलों में भी बारिश का अनुमान है, जबकि हिमाचल प्रदेश में 24 से 27 सितंबर के बीच मौसम बदलने के आसार हैं। केरल में भी भारी बारिश की चेतावनी है।

दूसरी ओर राजस्थान में मानसून की विदाई शुरू हो गई है। सोमवार को अधिकांश इलाकों में मौसम साफ रहा और पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर व बीकानेर संभाग के कई जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया। मौसम के इस बदलते मिजाज के बीच बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में प्रशासन को सतर्क रहने और लोगों को जलभराव वाले इलाकों से दूर रहने की सलाह दी गई है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article