एक सप्ताह में वार्ड चालू करने के निर्देश, सफाई और विद्युत व्यवस्था का काम तेजी से जारी
फर्रुखाबाद। डॉ. राम मनोहर लोहिया चिकित्सालय में बच्चों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से तैयार किए जा रहे नए पीडियाट्रिक वार्ड को जल्द शुरू करने की कवायद तेज हो गई है। गुरुवार को जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने लोहिया अस्पताल का निरीक्षण कर अस्पताल में चल रहे विभिन्न कार्यों का जायजा लिया था। इसी दौरान उन्होंने निर्माणाधीन पीडियाट्रिक वार्ड का भी निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने निरीक्षण के दौरान स्पष्ट निर्देश दिए कि पीडियाट्रिक वार्ड को एक सप्ताह के भीतर हर हाल में चालू कराया जाए, ताकि बच्चों को उपचार के लिए बेहतर और व्यवस्थित सुविधा उपलब्ध हो सके। डीएम के निर्देश के बाद अस्पताल प्रशासन ने वार्ड को शुरू करने की तैयारियां तेज कर दी हैं।
वार्ड में फिलहाल सफाई, विद्युत व्यवस्था समेत अन्य जरूरी कार्य तेजी से कराए जा रहे हैं। सफाई ठेकेदार अशोक यादव और उनकी टीम द्वारा वार्ड की साफ-सफाई एवं अन्य व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया जा रहा है। वहीं इलेक्ट्रीशियन की टीम विद्युत संबंधी कार्यों को पूरा करने में जुटी हुई है। वार्ड को मरीजों के लिए तैयार करने के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
अस्पताल प्रशासन का प्रयास है कि निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी जरूरी कार्य पूरे कर पीडियाट्रिक वार्ड को मरीजों के लिए खोल दिया जाए। वार्ड के शुरू होने से अस्पताल में आने वाले बच्चों को उपचार के लिए बेहतर स्थान और आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी।
बताया जा रहा है कि पीडियाट्रिक वार्ड के संचालन के बाद बच्चों के उपचार की व्यवस्था और अधिक व्यवस्थित हो सकेगी। खासकर गंभीर अथवा भर्ती किए जाने वाले बच्चों को अस्पताल में ही बेहतर निगरानी और उपचार उपलब्ध कराने में सुविधा होगी।
जिलाधिकारी के निरीक्षण के बाद अस्पताल में वार्ड को जल्द शुरू कराने को लेकर कर्मचारियों और संबंधित टीमों ने काम की गति बढ़ा दी है। अब सभी की नजर इस बात पर है कि डीएम द्वारा निर्धारित एक सप्ताह की समय सीमा के भीतर वार्ड की तैयारियां पूरी कर इसे मरीजों के लिए शुरू कराया जा सके।
डीएम के निर्देश के बाद पीडियाट्रिक वार्ड को शुरू करने की कवायद तेज


