पहाड़ों पर बर्फबारी तो मैदानों में आंधी-बारिश
बिहार में बाढ़ से 50 लाख प्रभावित
नई दिल्ली। मॉनसून की विदाई से पहले देश के कई हिस्सों में मौसम ने अचानक करवट ली है। उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी से ठंड बढ़ गई है, जबकि उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान और बिहार समेत कई राज्यों में बारिश, तेज हवाओं और गरज-चमक का दौर जारी है। उत्तराखंड के केदारनाथ में तापमान माइनस दो डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
उत्तराखंड के हेमकुंड साहिब, केदारनाथ और रुद्रनाथ सहित ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी और ओलावृष्टि हुई। मौसम बदलने से चारधाम क्षेत्र में ठंड बढ़ गई है। मौसम विभाग ने उत्तराखंड में शुक्रवार को गरज-चमक और तेज हवाओं को लेकर चेतावनी जारी की है।
उत्तर प्रदेश में कई इलाकों में रुक-रुककर बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिला। कानपुर में तेज हवाओं के बाद बारिश हुई, जबकि बरेली में धूलभरी आंधी से कई पेड़ उखड़ गए। बाराबंकी में सरयू नदी की कटान से कई घर प्रभावित हुए हैं। मध्य प्रदेश में भोपाल, सीहोर और देवास समेत कई स्थानों पर तेज बारिश हुई है। प्रदेश में 21 सितंबर तक बारिश, गरज-चमक और आंधी का दौर जारी रहने की संभावना बताई गई है।
राजस्थान में भी मौसम ने करवट ली है। कई जिलों में बारिश की चेतावनी जारी की गई है। पूर्वी राजस्थान के लिए मौसम विभाग ने शुक्रवार को भारी बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाओं की चेतावनी दी है। पश्चिमी राजस्थान में भी गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है।
बिहार में 13 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है। पटना, गया, शेखपुरा, जहानाबाद, बक्सर और भोजपुर समेत कई जिलों में बारिश की संभावना है। वहीं राज्य में बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है और करीब 50 लाख लोग प्रभावित बताए जा रहे हैं। देश के अन्य हिस्सों में भी मौसम का असर दिखाई दे रहा है। मॉनसून की विदाई से पहले कई राज्यों में बारिश का एक और दौर देखने को मिल रहा है।


