राजेपुर। अवैध कच्ची शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत राजेपुर थाना पुलिस ने जैनापुर तिराहे के पास एक युवक को पांच लीटर कच्ची शराब के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार उपनिरीक्षक गौरव शुक्ला कांस्टेबल शशांक पांडेय के साथ रात में क्षेत्र में चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि जैनापुर तिराहे के पास एक व्यक्ति प्लास्टिक की पिपिया में अवैध कच्ची शराब लेकर खड़ा है और उसे बेचने की तैयारी में है।
सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो संदिग्ध व्यक्ति पुलिस को देखकर जैनापुर की ओर भागने लगा। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से प्लास्टिक की पिपिया बरामद हुई, जिसमें करीब पांच लीटर तरल पदार्थ था। पुलिस के मुताबिक जांच में उसमें कच्ची देशी शराब की गंध पाई गई।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम कमलेश पुत्र हंसराज, निवासी महमदपुर गढ़िया, थाना राजेपुर बताया। उसकी उम्र करीब 34 वर्ष है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह शराब बेचकर अपना गुजारा करता था। उसके पास शराब रखने या बेचने का कोई वैध लाइसेंस नहीं था।
पुलिस ने बरामद शराब को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत कार्रवाई की है। पुलिस का कहना है कि अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।


