विश्वकर्मा सृष्टि के शिल्पी तो पीएम मोदी नए भारत के शिल्पी : सीएम योगी
वाराणसी/गोरखपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन पर गुरुवार को काशी से लेकर गोरखपुर तक विशेष आयोजन हुए। वाराणसी में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान समेत कई नेताओं ने काशी विश्वनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रधानमंत्री के दीर्घ और स्वस्थ जीवन की कामना की। काशी में मां गंगा का 76 लीटर दूध से अभिषेक भी किया गया।
काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन के बाद सफाई कर्मियों का सम्मान किया गया और प्रधानमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर आयोजित बाइक रैली में शामिल युवाओं को लड्डू वितरित किए गए। काशी से वडनगर तक प्रस्तावित बाइक यात्रा को प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर से भी जोड़ा गया है। इस दौरान केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने प्रधानमंत्री को जन्मदिन की बधाई देते हुए कहा कि उनकी सोच देश को विकास की राह पर आगे ले जाने की है।
उधर, गोरखपुर में भगवान विश्वकर्मा जयंती के कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन को विशेष अवसर बताते हुए कहा कि “भगवान विश्वकर्मा सृष्टि के शिल्पी हैं तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नए भारत के शिल्पी हैं।” उन्होंने कहा कि जो देश अपने शिल्पकारों और कारीगरों को सम्मान देता है, वही आगे बढ़ता है। प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में शिल्प और कारीगरी को आधुनिक तकनीक तथा नए बाजार से जोड़ने का काम किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजमिस्त्री, बढ़ई, हलवाई, सोनार समेत विभिन्न पारंपरिक कारीगरों के लिए उनका हुनर ही स्वावलंबन का आधार रहा है, लेकिन आजादी के बाद लंबे समय तक यह क्षेत्र उपेक्षित रहा। उनके मुताबिक प्रधानमंत्री विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के माध्यम से शिल्पकारों को प्रशिक्षण, टूलकिट और रोजगार के अवसरों से जोड़ने की दिशा में काम हुआ है। योगी ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में तीन करोड़ से अधिक लोग कारीगरी और शिल्प से जुड़कर रोजगार व स्वावलंबन की राह पर आगे बढ़े हैं।
योगी ने प्रधानमंत्री को जन्मदिन की बधाई देते हुए उनके दीर्घ और स्वस्थ जीवन की कामना की। उन्होंने कहा कि देश को लंबे समय तक प्रधानमंत्री का मार्गदर्शन मिलता रहे और विकसित भारत की परिकल्पना साकार हो। गोरखपुर के कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने श्री विश्वकर्मा पूजनोत्सव पुस्तक का विमोचन भी किया।


