34 C
Lucknow
Wednesday, September 16, 2026

गणेश उत्सव में भक्ति के रंग, कमालगंज में गणेश-हनुमान और राधा-कृष्ण की झांकियों ने मोहा मन

Must read

 

फर्रुखाबाद। जिले में गणेश उत्सव को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। शहर से लेकर गांवों तक जगह-जगह आकर्षक गणेश पंडाल सजाए गए हैं। गणेश चतुर्थी पर भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापना के बाद से पंडालों में प्रतिदिन धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। सुबह पूजा-अर्चना और आरती के बाद शाम होते ही पंडालों में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगती है।

कमालगंज में मंगलवार रात गणेश उत्सव के तहत तीन आकर्षक झांकियां निकाली गईं। कार्यक्रम की शुरुआत भगवान गणेश की आरती से हुई। इसके बाद भगवान हनुमान की झांकी प्रस्तुत की गई। श्रद्धालुओं ने जयकारों के साथ झांकी का स्वागत किया। इसके बाद राधा-कृष्ण की डांस झांकी ने लोगों का मन मोह लिया। झांकियों को देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु देर रात तक सड़क किनारे और कार्यक्रम स्थल पर मौजूद रहे।

गणेश पंडालों में धार्मिक आयोजनों के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम भी कराए जा रहे हैं। कहीं भजन-कीर्तन और जागरण हो रहा है तो कहीं सुंदरकांड का पाठ कराया जा रहा है। महिलाओं की ओर से संगीत कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं। इन आयोजनों में स्थानीय लोग बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं।

शहर के पांडेश्वर नाथ मंदिर में भी गणेश प्रतिमा स्थापित की गई है। मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। यहां प्रतिदिन पूजा, आरती और अन्य धार्मिक कार्यक्रम हो रहे हैं। शाम के समय श्रद्धालु बड़ी संख्या में मंदिर पहुंचकर भगवान गणेश के दर्शन कर रहे हैं।

गणेश उत्सव के चलते जिले में धार्मिक माहौल बना हुआ है। पंडालों में भक्ति गीतों और जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो रहा है। आयोजकों की ओर से श्रद्धालुओं के लिए विभिन्न कार्यक्रम कराए जा रहे हैं। बच्चों और युवाओं में भी उत्सव को लेकर विशेष उत्साह दिखाई दे रहा है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article