लखीमपुर खीरी। बाढ़ और कटान से बचाव के लिए करोड़ों रुपये की लागत से कराई गई परियोजना को नदी के कटान ने नुकसान पहुंचाया है। गोला तहसील क्षेत्र के बझेड़ा गांव में परियोजना का करीब 30 मीटर लंबा तटबंध कट गया।
बताया जा रहा है कि इस बाढ़-कटान सुरक्षा परियोजना की लागत छह करोड़ रुपये से अधिक है। तटबंध का बड़ा हिस्सा कटने के बाद आसपास के ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों को आशंका है कि यदि कटान तेजी से बढ़ा तो बाढ़ का पानी आबादी और कृषि क्षेत्र की ओर पहुंच सकता है।
तटबंध क्षतिग्रस्त होने की सूचना के बाद संबंधित विभाग के अधिकारियों की निगाह अब कटान प्रभावित क्षेत्र पर है। ग्रामीणों ने तटबंध की तत्काल मरम्मत और कटान रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।
छह करोड़ रुपये से अधिक की लागत से तैयार बाढ़ सुरक्षा परियोजना का तटबंध कटने से निर्माण कार्य की गुणवत्ता और परियोजना की उपयोगिता को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि बाढ़ के दौरान यदि तटबंध कमजोर साबित हुआ तो आसपास के गांवों और किसानों को भारी नुकसान का सामना करना पड़ सकता है।
फिलहाल सबसे बड़ी चिंता कटान को आगे बढ़ने से रोकने और क्षतिग्रस्त तटबंध को सुरक्षित करने की है। प्रशासन और संबंधित विभाग की कार्रवाई पर ग्रामीणों की नजर बनी हुई है।


