कन्नौज। एन्टी नारकोटिक्स टास्क फोर्स लखनऊ की टीम एवं कन्नौज पुलिस ने चेकिंग के दौरान सोमवार की रात सिन्थेटिक ड्रग (एमडीएमए) की तस्करी करने वाले चार शातिर तस्करो को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 440 ग्राम एमडीएमए बरामद किया गया है।चारो तस्कर हरदोई जिले के है। ड्रग्स की कीमत 45 लाख रुपए बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने मंगलवार को जानकारी देते हुए बताया कि एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स की टीम एवं सदर कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने जीटी रोड गैस एजेंसी के समीप चेकिंग के दौरान एमडीएमए की तस्करी करने वाले चार तस्करों को गिरफ्तार किया है जिनके पास से 440 अवैध एमडीएमए बरामद हुआ है।
एसपी ने बताया कि तस्करों के पास से दो आईफोन, दो एंड्रॉयड फोन भी बरामद हुए हैं। दो हजार की नगदी भी पुलिस ने बरामद की है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि चारों तस्कर विशाल यादव पुत्र सत्यपाल, सोनू यादव पुत्र रणवीर सिंह, सौरभ यादव पुत्र कुसमेंद्र सिंह सभी निवासी बेहटा बुजुर्ग, हरदोई एवं गौरव पटेल पुत्र स्व प्रमोद कुमार निवासी माधवगंज हरदोई के निवासी हैं।
एसपी ने बताया कि पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि यह माल कन्नौज के फिरोजपुर तारन निवासी हरिनाथ को देने आए थे। इस नेटवर्क में उन्नाव निवासी ललित सिंह का नाम भी आया है। पुलिस ने चारों के खिलाफ धारा 50 एनडीपीएस एक्ट तथा एनडीपीएस की धारा 8/22, 8/29 के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
एसपी ने बताया कि एमडीएमए केमिकल आधारित सिंथेटिक मादक पदार्थ है। इसके सेवन से अत्यधिक ऊर्जा आती है और शरीर के तापमान बढ़ने से लीवर किडनी फेल होने का खतरा रहता है। इसको रखना गैर जमानती अपराध है।


