33.6 C
Lucknow
Friday, July 10, 2026

शादी में जा रहे परिवार की ई-रिक्शा को ट्रक ने मारी टक्कर, पांच घायल; दो की हालत गंभीर

Must read

 

फर्रुखाबाद/कमालगंज। दोपहर कमालगंज थाना क्षेत्र में एक भीषण सड़क हादसे ने शादी की खुशियों को पलभर में मातम में बदल दिया। तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से ई-रिक्शा में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे ई-रिक्शा पलट गया। हादसे में एक ही परिवार सहित पांच लोग घायल हो गए, जिनमें दो बुजुर्ग महिलाओं की हालत गंभीर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, मादरगंज निवासी मुकेश शर्मा अपनी 25 वर्षीय पत्नी प्रियंका और 13 वर्षीय पुत्र देवांश के साथ फर्रुखाबाद से गुरसहायगंज जा रहे थे। रास्ते में याकूतगंज कस्बे से 60 वर्षीय कमला देवी और 65 वर्षीय सुशीला देवी भी गुरसहायगंज में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए उसी ई-रिक्शा में सवार हो गईं।

जैसे ही ई-रिक्शा कमालगंज थाना क्षेत्र के गांव कतरौली पट्टी के पास पहुंचा, पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट गया और उसमें सवार सभी लोग सड़क पर जा गिरे।

हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, कमालगंज पहुंचाया।

सीएचसी में डॉ. मानसिंह ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया। जांच के बाद कमला देवी और सुशीला देवी के सिर में गंभीर चोटें पाए जाने पर उन्हें बेहतर उपचार के लिए डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल, फर्रुखाबाद रेफर कर दिया गया। अन्य घायलों का उपचार स्थानीय स्तर पर किया गया।

पुलिस ने फरार ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी चालक के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article