33.6 C
Lucknow
Friday, July 10, 2026

ग्राम सभाओं की जियो टैगिंग फोटो-वीडियो उपलब्ध कराएं, स्वच्छता कार्यों में लापरवाही पर होगी कार्रवाई : डीएम

Must read

 

फर्रुखाबाद। जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि विकासखंड स्तर पर आयोजित ग्राम सभाओं की बैठकों की जियो टैगिंग फोटो एवं वीडियो अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराई जाए। साथ ही स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत संचालित सभी कार्यों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करते हुए किसी भी स्तर पर लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।

कलेक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत संचालित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए डीएम ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनभागीदारी का अभियान है। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें और ग्रामीणों में स्थायी व्यवहार परिवर्तन के लिए व्यापक जागरूकता अभियान चलाएं।

उन्होंने निर्देश दिए कि सभी सामुदायिक शौचालय नियमित रूप से खुले रहें, उनकी साफ-सफाई एवं रखरखाव बेहतर हो तथा तैनात केयरटेकरों को समय से भुगतान सुनिश्चित किया जाए। जिन ग्राम पंचायतों में स्वच्छता संबंधी कार्य अधूरे हैं, उन्हें शीघ्र पूरा कर नियमित निगरानी की जाए।

डीएम ने कहा कि विकासखंड स्तर पर गठित ग्राम समितियां ग्रामीण क्षेत्रों में प्लास्टिक कचरा प्रबंधन के प्रति लोगों को जागरूक करें। वहीं, आरआरसी (रिसोर्स रिकवरी सेंटर) के संचालन में संतोषजनक कार्य न करने वाली कार्यदायी संस्थाओं के विरुद्ध कार्रवाई की जाए। उन्होंने विकासखंड बढ़पुर के याकूतगंज, मोहम्मदाबाद के सितवनपुर पितू तथा शमशाबाद के रम्पुरा स्थित गौशालाओं में 15 दिनों के भीतर बायोगैस प्लांट पूरी तरह क्रियाशील कराने के निर्देश भी दिए।

बैठक में जिला पंचायत राज अधिकारी अविनाश सिंह ने बताया कि स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) फेज-2 के तहत 30 जून 2026 तक 34,329 लाभार्थियों को पहली और 30,853 लाभार्थियों को दूसरी किस्त जारी की जा चुकी है। वित्तीय वर्ष 2026-27 में व्यक्तिगत शौचालय निर्माण के लिए 158 लाभार्थियों को पहली तथा 1,896 लाभार्थियों को दूसरी किस्त का भुगतान किया गया है।

उन्होंने बताया कि जनपद में 570 आरआरसी केंद्रों का निर्माण पूरा हो चुका है। 452 ग्राम पंचायतों में डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण के माध्यम से 99.06 लाख रुपये स्वच्छता शुल्क ग्राम पंचायतों के ओआरएस खातों में जमा कराया गया है। इसके अलावा कायमगंज के बहबलपुर तथा राजेपुर के हरसिंहपुर गहलवार में प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट का निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि तीन गौशालाओं में बायोगैस प्लांट का निर्माण एवं विद्युत कनेक्शन का कार्य भी पूर्ण हो गया है।

बैठक में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) दिनेश कुमार, परियोजना निदेशक जिला ग्राम्य विकास अभिकरण कपिल कुमार, जिला पंचायत राज अधिकारी अविनाश सिंह, जिला उद्यान अधिकारी राघवेंद्र सिंह, सभी खंड विकास अधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article