लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आउटसोर्स कर्मचारियों से जुड़ी व्यवस्थाओं को लेकर बड़ा कदम उठाने की जानकारी दी है। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट कर बताया कि आउटसोर्स सेवा निगम का शुभारंभ किया जाएगा।
मुख्यमंत्री के अनुसार, कार्यक्रम के दौरान यूपीसीओएस पोर्टल और वेबसाइट की लॉन्चिंग भी की जाएगी। इसके साथ ही आउटसोर्स कार्मिकों को चेक का वितरण किया जाएगा।
सीएम योगी ने अपने संदेश में कहा कि प्रदेश में प्रत्येक कार्मिक के श्रम को सम्मान देना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने इसे नए उत्तर प्रदेश की नई पहचान से जोड़ते हुए आउटसोर्स कर्मचारियों के हित में उठाए जा रहे कदमों को महत्वपूर्ण बताया।
आउटसोर्स सेवा निगम के माध्यम से आउटसोर्स कार्मिकों से संबंधित व्यवस्थाओं को अधिक व्यवस्थित और पारदर्शी बनाने की दिशा में काम किए जाने की उम्मीद है। सरकार की ओर से पोर्टल और वेबसाइट शुरू किए जाने से संबंधित सेवाओं एवं प्रक्रियाओं को डिजिटल माध्यम से संचालित करने में भी मदद मिलेगी।


