लखनऊ। पंचायतीराज विभाग में डिजिटल लाइब्रेरी से जुड़े टेंडरों को लेकर विभागीय मंत्री ओम प्रकाश राजभर और अधिकारियों के बीच मतभेद सामने आए हैं। मंत्री ने अपने ही विभाग के प्रमुख सचिव अनिल कुमार और निदेशक अमित कुमार सिंह पर गंभीर आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री से शिकायत की है।
मंत्री राजभर ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर डिजिटल लाइब्रेरी के टेंडरों की प्रक्रिया पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने अधिकारियों पर भ्रष्टाचार और लापरवाही के आरोप लगाए हैं। बताया जा रहा है कि टेंडर को लेकर मंत्री और विभागीय अधिकारियों के बीच सहमति नहीं बन सकी थी।
राजभर का आरोप है कि उनकी आपत्तियों के बावजूद अधिकारियों ने टेंडर के संबंध में उच्च स्तर से निर्णय कराया। इससे मंत्री और विभागीय अफसरों के बीच विवाद और गहरा गया। मंत्री ने पूरे मामले में अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप की मांग की है।
मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने मुख्यमंत्री से प्रमुख सचिव अनिल कुमार और निदेशक अमित कुमार सिंह को हटाने की मांग भी की है। उन्होंने अधिकारियों पर विभागीय कार्यों में लापरवाही बरतने और टेंडर प्रक्रिया में अनियमितताओं के आरोप लगाए हैं।
डिजिटल लाइब्रेरी के टेंडर को लेकर उठे इस विवाद ने पंचायतीराज विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। अब निगाहें मुख्यमंत्री स्तर पर होने वाली कार्रवाई और पूरे मामले की आगे की जांच पर टिकी हैं।


