क्रासर
चिकित्सकों के कक्ष के बाहर भी लगी लंबी कतारें, सुरक्षा कर्मियों ने संभाली स्थिति
फर्रुखाबाद। रक्षाबंधन पर्व समाप्त होते ही मंगलवार को डॉ. राम मनोहर लोहिया चिकित्सालय में मरीजों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही ओपीडी में उपचार कराने के लिए बड़ी संख्या में मरीज और तीमारदार अस्पताल पहुंच गए। भीड़ बढ़ने के कारण पर्चा बनवाने वाले काउंटर से लेकर चिकित्सकों के कक्ष के बाहर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। इस दौरान मरीजों और तीमारदारों के बीच धक्का-मुक्की और कहासुनी की स्थिति भी पैदा हो गई।
बताया गया कि रक्षाबंधन के अवकाश के चलते अस्पताल की ओपीडी प्रभावित रही थी। पर्व समाप्त होने के बाद मंगलवार को बड़ी संख्या में मरीज उपचार कराने के लिए अस्पताल पहुंच गए। सुबह से ही पर्चा काउंटर पर मरीजों की लंबी कतार लग गई। काफी देर तक अपनी बारी का इंतजार करने के कारण कुछ मरीज और तीमारदार परेशान नजर आए।
भीड़ अधिक होने के कारण पर्चा काउंटर के आसपास अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न हो गई। कुछ लोगों में पहले पर्चा बनवाने को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते मामला हंगामे तक पहुंच गया। इसी तरह चिकित्सकों के कक्ष के बाहर भी मरीजों की भारी भीड़ जमा हो गई। अपनी बारी को लेकर कई मरीज और तीमारदार आपस में उलझते नजर आए।
हंगामे की सूचना पर अस्पताल में तैनात सुरक्षा कर्मी मौके पर पहुंचे और भीड़ को नियंत्रित करने का प्रयास किया। सुरक्षा कर्मियों ने लोगों को समझाकर शांत कराया तथा मरीजों को लाइन में लगने के लिए कहा। काफी प्रयास के बाद स्थिति सामान्य हो सकी।
अस्पताल प्रशासन के सामने भीड़ को नियंत्रित करना चुनौती बना रहा। एक साथ बड़ी संख्या में मरीजों के पहुंचने से पंजीकरण से लेकर चिकित्सकों को दिखाने तक मरीजों को इंतजार करना पड़ा। कई तीमारदारों ने व्यवस्था को लेकर नाराजगी भी जताई।
मरीजों का कहना था कि पर्व के बाद अस्पताल में अचानक भीड़ बढ़ने की संभावना पहले से रहती है, इसके बावजूद पर्चा काउंटर और ओपीडी के बाहर पर्याप्त व्यवस्था नहीं दिखाई दी। लोगों ने मांग की कि भीड़ वाले दिनों में अतिरिक्त काउंटर और सुरक्षा कर्मियों की व्यवस्था की जाए, जिससे मरीजों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
रक्षाबंधन के बाद लोहिया अस्पताल में उमड़ी मरीजों की भीड़, पर्चा काउंटर पर हंगामा


