31 C
Lucknow
Sunday, August 30, 2026

गोगाजी महाराज के मेले में उमड़ा आस्था का सैलाब, 92 निशान निकले

Must read

 

फर्रुखाबाद। फतेहगढ़ में शनिवार को श्री जाहरवीर गोगाजी महाराज के वार्षिक मेले में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। चारों ओर गोगाजी महाराज, ज्वाला जी और गुरु गोरखनाथ के जयकारे गूंजते रहे। इस दौरान 92 भव्य निशान निकाले गए। शोभायात्रा में महिलाओं और बच्चों समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

संस्थापक एवं मुख्य अतिथि सुनील गेराज ने शोभायात्रा का शुभारंभ किया। श्रद्धालु आकर्षक ढंग से सजाए गए निशान लेकर मेले में पहुंचे और मंदिर में पूजा-अर्चना की। निशानों को चांदी के मुकुट, लड़ियों, सिक्कों, देवी-देवताओं के चित्र, रंग-बिरंगे फूल, बेला की कलियों और मोर पंखों से सजाया गया था। ऊंचे और भव्य निशान मेले में विशेष आकर्षण का केंद्र रहे।

फर्रुखाबाद के अलावा कन्नौज, हरदोई, गुरसहायगंज, कमालगंज, छिबरामऊ, नवाबगंज, अलीगंज और राजा का रामपुर सहित कई क्षेत्रों से श्रद्धालु निशान लेकर फतेहगढ़ पहुंचे। कोतवाली रोड पर निशान रखे गए, जबकि सीएमओ कार्यालय के बाहर स्थित मंदिर में दिनभर पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। आयोजकों के अनुसार इस बार पिछले वर्ष की अपेक्षा अधिक श्रद्धालु मेले में पहुंचे।

मेले को लेकर पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद रहा। सीओ सिटी अभय कुमार वर्मा के नेतृत्व में पुलिस बल तैनात रहा। सुरक्षा व्यवस्था के चलते विद्युत आपूर्ति बंद रखी गई और रूट डायवर्जन कर यातायात व्यवस्था संभाली गई। कार्यक्रम शाम करीब चार बजे संपन्न हुआ।

आदर्श पटेल ने अपने प्रतिष्ठान पर श्रद्धालुओं का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया और जलपान की व्यवस्था कराई। भजन-कीर्तन और जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय बना रहा। मेला कमेटी की ओर से श्रद्धालुओं और सहयोगियों को फूलमाला व पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में संरक्षक श्याम कुमार वाल्मीकि, महामंत्री दिनेश देशमुख, कोषाध्यक्ष अनिल कुमार समेत बड़ी संख्या में आयोजक और श्रद्धालु मौजूद रहे।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article