ठाकुरगंज के नेपियर रोड कॉलोनी पार्क में पेड़ पर लटकी मिली चील, काफी देर तक तड़पती रही
लखनऊ। ठाकुरगंज थाना क्षेत्र के नेपियर रोड कॉलोनी पार्क में एक चील पतंग के मांझे में फंसकर पेड़ पर अटक गई। मांझे में फंसी चील काफी देर तक छटपटाती रही, जिसे देखकर आसपास के लोगों ने तुरंत उसे बचाने का प्रयास शुरू किया।
कॉलोनी के लोगों ने सूझबूझ दिखाते हुए चील को सुरक्षित तरीके से मांझे से मुक्त कराया और उसकी जान बचाई। रेस्क्यू के दौरान चील को किसी तरह की गंभीर चोट न पहुंचे, इसका भी ध्यान रखा गया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पतंग उड़ाने में इस्तेमाल होने वाले खतरनाक मांझे को लेकर चिंता जताई। उनका कहना है कि ऐसे मांझे से न केवल पक्षियों बल्कि राहगीरों के लिए भी खतरा बना रहता है।
स्थानीय लोगों की तत्परता से चील की जान बच गई और उसे सुरक्षित स्थान पर छोड़ दिया गया।


