मलबे में तीन मवेशी भी दबे, दो की मौत; घायल युवक को अस्पताल भेजा गया
सीतापुर। लगातार हो रही बारिश के बीच कमलापुर थाना क्षेत्र के किशुनापुर गांव में एक दर्दनाक हादसा हो गया। बारिश के कारण अचानक एक कच्ची दीवार भरभराकर ढह गई। हादसे के समय छप्पर के नीचे सो रहा एक युवक और तीन मवेशी मलबे में दब गए।
दीवार गिरने की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने राहत-बचाव का प्रयास शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद मलबे में दबे युवक को बाहर निकाला गया और उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
हादसे में मलबे के नीचे दबने से दो मवेशियों की मौत हो गई, जबकि एक मवेशी घायल बताया जा रहा है। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मामले की जानकारी ली। हादसे के बाद पीड़ित परिवार को हरसंभव मदद दिलाने की प्रक्रिया शुरू की गई है।


