राजेपुर, फर्रुखाबाद। विकासखंड राजेपुर स्थित कंपोजिट प्राथमिक विद्यालय में जिलाधिकारी के संभावित निरीक्षण को लेकर प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। विद्यालय परिसर में बाढ़ चौकी स्थापित कर दी गई है, जबकि साफ-सफाई, जल निकासी और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। लगातार हो रही बारिश के बीच विद्यालय परिसर में जलभराव की स्थिति बनने से प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सफाईकर्मियों की टीम लगाकर पानी निकालने का कार्य शुरू कराया।
बारिश के कारण विद्यालय परिसर में कई स्थानों पर पानी भर गया था, जिससे आवागमन प्रभावित हो रहा था। निरीक्षण के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए जलभराव वाले स्थानों से पानी की निकासी कराई जा रही है। साथ ही परिसर की साफ-सफाई, झाड़ियों की कटाई, कक्षाओं और परिसर की व्यवस्था दुरुस्त करने का कार्य तेजी से चल रहा है।
प्रशासन द्वारा विद्यालय में बाढ़ से संबंधित आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता भी सुनिश्चित की जा रही है। बाढ़ चौकी स्थापित कर कर्मचारियों की तैनाती की गई है, ताकि क्षेत्र में जलस्तर बढ़ने या किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य संचालित किए जा सकें। विद्यालय को स्थानीय स्तर पर बाढ़ नियंत्रण गतिविधियों के लिए भी तैयार किया जा रहा है।
ग्राम पंचायत अधिकारी अजीत पाठक एवं ग्राम पंचायत सचिव शिव सिंह के नेतृत्व में व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जा रही है। दोनों अधिकारियों ने विद्यालय परिसर का निरीक्षण कर संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। सफाई व्यवस्था, पेयजल, परिसर की स्वच्छता तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं को समय से पूरा करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
ग्राम पंचायत अधिकारी अजीत पाठक ने बताया कि विद्यालय में बाढ़ चौकी स्थापित कर दी गई है और जिलाधिकारी के संभावित निरीक्षण को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक तैयारियां युद्धस्तर पर पूरी की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि जलभराव की समस्या का समाधान कराया जा रहा है तथा निरीक्षण से पहले विद्यालय परिसर को पूरी तरह व्यवस्थित और स्वच्छ बना दिया जाएगा।


