शहर में भी आधी रात तक ट्रिपिंग से लोग रहे परेशान
फर्रुखाबाद। जिले में मंगलवार रात से शुरू हुई मूसलाधार बारिश बुधवार को भी लगातार जारी रहने से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया। लगातार हो रही वर्षा ने विद्युत व्यवस्था की पोल खोल दी। ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में जगह-जगह फाल्ट आने से घंटों बिजली आपूर्ति बाधित रही। हजियापुर विद्युत उपकेंद्र पर गंभीर तकनीकी खराबी आने से करीब 40 गांवों की बिजली पूरी रात ठप रही, जबकि शहर के कई मोहल्लों में आधी रात तक ट्रिपिंग और बार-बार बिजली गुल होने से लोग उमस और अंधेरे में रात गुजारने को मजबूर रहे।
जानकारी के अनुसार मंगलवार रात करीब नौ बजे शहर और आसपास के क्षेत्रों में तेज बारिश शुरू हुई, जबकि ग्रामीण इलाकों में शाम से ही बारिश का दौर जारी था। लगातार बारिश के चलते हजियापुर विद्युत उपकेंद्र को सुरक्षा की दृष्टि से बंद कर दिया गया था। इसके बावजूद अचानक करंट दौड़ जाने से उपकेंद्र के उपकरण का ग्लास जल गया और उसमें से धुआं निकलने लगा। तकनीकी खराबी के कारण पूरे उपकेंद्र की बिजली आपूर्ति रोकनी पड़ी।
इस फाल्ट के चलते हजियापुर उपकेंद्र से जुड़े करीब 40 गांवों में पूरी रात बिजली नहीं पहुंच सकी। कुछ गांवों में विद्युत लाइन में करंट आने की सूचना मिलने पर विभाग ने एहतियात के तौर पर आपूर्ति बंद रखी, ताकि किसी प्रकार की जनहानि न हो। सूचना मिलते ही विद्युत विभाग की टीम मौके पर पहुंची और देर रात तक फाल्ट खोजने तथा उसे ठीक करने में जुटी रही। बारिश कम होने के बाद मरम्मत कार्य शुरू किया गया, जिसके बाद धीरे-धीरे बिजली आपूर्ति बहाल हो सकी।
उधर शमशाबाद क्षेत्र में भी बारिश के दौरान 11 केवी विद्युत लाइन में फाल्ट आने से कई गांवों की बिजली गुल हो गई। कायमगंज, कम्पिल और कटरी क्षेत्र के दर्जनों गांवों में भी देर रात तक अंधेरा पसरा रहा। लगातार हो रही बारिश के कारण कई स्थानों पर बिजली के तारों और उपकरणों में तकनीकी खराबियां आती रहीं, जिससे मरम्मत कार्य भी प्रभावित हुआ।
फर्रुखाबाद शहर भी बिजली संकट से अछूता नहीं रहा। बारिश शुरू होते ही कई इलाकों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। बारिश थमने के बाद भी बार-बार ट्रिपिंग होती रही और रात करीब 12 बजे के बाद ही नेकपुर कला, आवास विकास, कादरी गेट सहित अन्य मोहल्लों में बिजली आपूर्ति सामान्य हो सकी। हालांकि बुधवार को भी रुक-रुक कर हो रही बारिश के चलते कई इलाकों में बिजली की आंख-मिचौली जारी रही।
लगातार हो रही बारिश से लोगों को बिजली संकट के साथ जलभराव, कीचड़ और आवागमन में भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। विद्युत विभाग के अधिकारियों का कहना है कि सभी प्रभावित क्षेत्रों में टीमें तैनात कर फाल्ट दूर करने का काम किया जा रहा है। बारिश रुकते ही विद्युत व्यवस्था को पूरी तरह सामान्य करने के प्रयास तेज किए जाएंगे।


