कमालगंज (फर्रुखाबाद)। कमालगंज कोतवाली क्षेत्र में डीसीएम चालक की हत्या कर शव को गंगा की कटरी स्थित गड्ढे में फेंकने के बहुचर्चित मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सोमवार को दर्ज हत्या के मुकदमे के मुख्य आरोपी को पुलिस ने देर रात मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के बाएं पैर में गोली लग गई, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर उपचार के लिए पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और बाद में डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल रेफर किया गया।
पुलिस के अनुसार, शाहजहांपुर जनपद के जलालाबाद थाना क्षेत्र के कुरैना गांव निवासी डीसीएम चालक सोनेलाल की हत्या कर शव को गंगा की कटरी में महमदगंज मड़ैयन घाट के पास एक गहरे गड्ढे में फेंक दिया गया था। सोमवार दोपहर करीब तीन बजे ग्रामीणों की सूचना पर शव बरामद होने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा था।
मृतक के पिता सुरेश सिंह यादव की तहरीर पर कमालगंज थाना पुलिस ने कल्लू नगला निवासी अवधेश और उसके भाई विनेश के खिलाफ हत्या एवं साक्ष्य छिपाने सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे एक महिला से अवैध संबंध होने का विवाद सामने आया था, जिसे लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से तनाव चल रहा था।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमों का गठन किया गया था। मंगलवार देर रात इंस्पेक्टर रामसहाय सिंह, भोजपुर चौकी प्रभारी अखिलेश कुमार तथा उपनिरीक्षक हाकिम पुलिस टीम के साथ भोजपुर मार्ग पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि हत्या का आरोपी बाइक से क्षेत्र से गुजरने वाला है।
पुलिस ने सामने से आ रही बाइक को रुकने का इशारा किया, लेकिन आरोपी भागने का प्रयास करने लगा। इसी दौरान उसकी बाइक फिसल गई। खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के बाएं पैर में गोली लग गई। घायल होने के बाद पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया तथा उसके कब्जे से अवैध तमंचा और कारतूस भी बरामद किए।
घटना की सूचना पर अपर पुलिस अधीक्षक ग्रीश कुमार सिंह और क्षेत्राधिकारी अजय वर्मा मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल का निरीक्षण कर पुलिस टीम से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि मामले में नामजद दूसरे आरोपी की तलाश भी तेज कर दी गई है और उसे शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पुलिस का कहना है कि पूछताछ में हत्या के पीछे महिला से जुड़े विवाद की पुष्टि के संबंध में भी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। मामले की विवेचना जारी है और सभी पहलुओं पर गहन जांच की जा रही है। आरोपी के स्वस्थ होने के बाद उसे न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।


