आगामी त्योहारों को लेकर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा, भ्रामक सोशल मीडिया पोस्ट पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश
लखनऊ। पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण ने पुलिस मुख्यालय में उच्चस्तरीय अपराध समीक्षा बैठक कर प्रदेश की कानून-व्यवस्था और आगामी त्योहारों को लेकर सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में प्रदेश के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और जिलों के अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।
बैठक के दौरान डीजीपी ने आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी अधिकारियों को आवश्यक तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने और कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
डीजीपी ने अपराध नियंत्रण के साथ ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई के साथ आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना मजबूत होनी चाहिए।
राजीव कृष्ण ने सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली भ्रामक और अफवाह फैलाने वाली पोस्ट पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसी पोस्ट, जो सामाजिक सौहार्द और कानून-व्यवस्था को प्रभावित कर सकती हैं, उनके संबंध में तत्काल जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
उन्होंने अधिकारियों को सोशल मीडिया की लगातार निगरानी करने, अफवाहों का समय रहते खंडन करने तथा किसी भी संवेदनशील सूचना पर त्वरित प्रतिक्रिया देने के निर्देश दिए।
बैठक में अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था, आगामी त्योहारों की सुरक्षा व्यवस्था और सोशल मीडिया पर निगरानी सहित विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर अधिकारियों से जानकारी ली गई।


