फर्रुखाबाद। नवाबगंज थाना क्षेत्र के चकर पट्टी गांव में सोमवार सुबह 20 वर्षीय युवक का शव घर से करीब 500 मीटर दूर आम के पेड़ पर फंदे से लटका मिला। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंचे परिजनों में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। चकर पट्टी निवासी गोविंद यादव (20) पुत्र स्वर्गीय राम प्रवेश यादव ड्राइविंग का काम करता था। सोमवार सुबह ग्रामीणों ने गांव से करीब 500 मीटर दूर आम के पेड़ पर गोविंद का शव फंदे से लटका देखा। इसकी जानकारी परिजनों को दी गई। कुछ ही देर में परिजन मौके पर पहुंच गए। शव देखते ही मां बेबी समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मृतक के छोटे भाई प्रिंस ने बताया कि रविवार रात मां बेबी ने खाना बनाया था। गोविंद खाना खाने के बाद घर में सो गया था। सुबह उसका शव घर से कुछ दूरी पर आम के पेड़ पर फंदे से लटका मिला। गोविंद दो भाइयों में बड़ा था। घटना को लेकर परिजनों ने फिलहाल किसी तरह की आशंका या आरोप में कुछ भी कहने से इनकार कर दिया।
संदिग्ध परिस्थितियों में आम के पेड़ पर फंदे से लटका मिला युवक का शव


