लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को अमर शहीद गुलाब सिंह लोधी के बलिदान दिवस के अवसर पर अमीनाबाद स्थित झंडेवाला पार्क में उनके बलिदान स्थल पर पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने अमर शहीद की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उनके अदम्य साहस और देश के लिए दिए गए बलिदान को नमन किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम के अमर सेनानियों का त्याग देशवासियों के लिए सदैव प्रेरणा का स्रोत रहेगा। उन्होंने कहा कि गुलाब सिंह लोधी जैसे क्रांतिकारियों ने देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्र के लिए बलिदान देने वाले वीरों की स्मृतियों को संजोना और नई पीढ़ी को उनके संघर्ष से परिचित कराना हम सभी की जिम्मेदारी है। उनके जीवन से देशभक्ति, साहस और राष्ट्र के प्रति समर्पण की प्रेरणा मिलती है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने अमर शहीद गुलाब सिंह लोधी के जीवन और स्वतंत्रता आंदोलन में उनके योगदान को याद करते हुए अपने विचार व्यक्त किए। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने भी अमर शहीद को श्रद्धांजलि अर्पित की।


