31 C
Lucknow
Saturday, August 22, 2026

गरजा एलडीए का बुलडोजर, काकोरी, बीकेटी और सैरपुर में 55 बीघा की अवैध प्लाटिंग ध्वस्त

Must read

 

शिवरी गांव में 35 बीघा और बीकेटी-सैरपुर में 20 बीघा जमीन पर हुई कार्रवाई, वैष्णो सिटी और साईं माही सिटी समेत नौ अवैध प्लाटिंग पर चला बुलडोजर

लखनऊ। राजधानी में अवैध प्लाटिंग और अनधिकृत निर्माण के खिलाफ लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) ने बड़ी कार्रवाई की। काकोरी, बीकेटी और सैरपुर क्षेत्र में प्राधिकरण की टीम ने करीब 55 बीघा क्षेत्रफल में विकसित की जा रही नौ अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान कई निजी अनधिकृत निर्माण भी ध्वस्तीकरण की जद में आए।
एलडीए की कार्रवाई सबसे पहले काकोरी क्षेत्र के शिवरी गांव में की गई, जहां करीब 35 बीघा जमीन पर पांच अवैध प्लाटिंग विकसित की जा रही थीं। इन परियोजनाओं में वैष्णो सिटी और साईं माही सिटी समेत अन्य अनधिकृत प्लाटिंग शामिल थीं। प्राधिकरण की टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध रूप से बनाए गए रास्ते, भूखंडों की सीमाएं और अन्य निर्माण को ध्वस्त कर दिया।
इसके बाद एलडीए की टीम ने बीकेटी और सैरपुर क्षेत्र में कार्रवाई की। यहां करीब 20 बीघा क्षेत्रफल में विकसित चार अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त किया गया। अधिकारियों के मुताबिक इन स्थानों पर बिना जरूरी अनुमति के भूखंड काटकर बिक्री और निर्माण की तैयारी की जा रही थी।
एलडीए की कार्रवाई के दौरान प्राधिकरण के प्रवर्तन दस्ते ने जेसीबी और अन्य मशीनों की मदद से अवैध निर्माण और प्लाटिंग के लिए किए गए विकास कार्यों को हटाया। कार्रवाई के दौरान मौके पर मौजूद लोगों को अनधिकृत निर्माण और बिना स्वीकृति प्लाटिंग से दूर रहने की चेतावनी भी दी गई।
प्राधिकरण अधिकारियों का कहना है कि राजधानी क्षेत्र में बिना मानचित्र स्वीकृति और आवश्यक अनुमति के विकसित की जा रही अवैध प्लाटिंग के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। लोगों से भी अपील की गई है कि जमीन खरीदने से पहले संबंधित परियोजना और भूखंड की वैधता की जांच जरूर करें, ताकि बाद में उनका पैसा और संपत्ति जोखिम में न पड़े।
एलडीए की इस कार्रवाई से अवैध प्लाटिंग करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है। प्राधिकरण ने स्पष्ट संकेत दिया है कि नियमों का उल्लंघन कर विकसित की जा रही अनधिकृत कॉलोनियों और निजी निर्माण के खिलाफ कार्रवाई में किसी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article