नवाबगंज। नगर में बुधवार सुबह उस समय वाहन चालकों में हड़कंप मच गया, जब एआरटीओ सुभाष चंद्र राजपूत ने अचानक वाहन चेकिंग अभियान शुरू कर दिया। एआरटीओ की टीम ने नगर के प्रमुख मार्गों पर वाहनों को रोककर उनके कागजात, ओवरलोडिंग समेत अन्य नियमों की जांच की। अचानक शुरू हुए चेकिंग अभियान की जानकारी मिलते ही कई वाहन चालक अपने वाहनों को इधर-उधर खड़ा कर बचने का प्रयास करते नजर आए।
चेकिंग के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले पांच वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 2 लाख 58 हजार रुपये के चालान किए गए। कार्रवाई के दौरान एक डीसीएम ओवरलोड पाया गया, जिस पर चालान की कार्रवाई की गई। इसके अलावा एक ट्रैक्टर भी निर्धारित क्षमता से अधिक भार लेकर चलता मिला। एआरटीओ ने ट्रैक्टर के खिलाफ भी कार्रवाई की।
इसी दौरान एक प्राइवेट बस को भी चेकिंग के दौरान नियमों के उल्लंघन में पकड़ा गया। नवाबगंज नगर के एक स्कूल वाहन मैजिक की भी जांच की गई। स्कूल वाहन में अनियमितता मिलने पर उसका 33 हजार रुपये का चालान किया गया। कार्रवाई के बाद स्कूल वाहनों और अन्य व्यावसायिक वाहनों के चालकों में भी खलबली मच गई।
वहीं, चेकिंग के दौरान एक डीसीएम चालक द्वारा तेज आवाज में हॉर्न बजाने का मामला भी सामने आया। तेज आवाज में हॉर्न बजाने पर एआरटीओ ने डीसीएम के खिलाफ चालान की कार्रवाई की। अधिकारियों ने वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने और वाहनों को निर्धारित मानकों के अनुसार संचालित करने की हिदायत दी।
चेकिंग की खबर मिलते ही मची अफरा-तफरी
बुधवार सुबह नगर में अचानक शुरू हुए एआरटीओ के चेकिंग अभियान से वाहन चालकों में अफरा-तफरी का माहौल दिखाई दिया। चेकिंग स्थल के आसपास मौजूद कई चालक अपने वाहनों को लेकर दूसरी गलियों की ओर जाते नजर आए। कुछ वाहन चालकों ने अपने वाहनों को दुकानों और अन्य स्थानों के आसपास खड़ा कर दिया।
एआरटीओ की कार्रवाई के बाद नगर में वाहन चालकों के बीच चेकिंग अभियान की चर्चा होती रही। वहीं, विभाग की ओर से लगातार नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की बात कही गई है।


