29 C
Lucknow
Thursday, August 20, 2026

क्लब में घुसकर करीब 20 युवकों ने मचाया बवाल

Must read

मालिक से मारपीट
– तोड़फोड़ और नकदी लूटने का आरोप; खाने के पैसे न देने पर हुआ विवाद

गाजियाबाद। कौशांबी थाना क्षेत्र स्थित सिग्नेचर ग्लोबल मॉल के कोको क्लब में करीब 20 युवकों द्वारा कथित रूप से घुसकर मारपीट और तोड़फोड़ करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि दबंग युवकों ने क्लब के मालिक के साथ मारपीट की और वहां रखी नकदी भी लूट ली।
बताया जा रहा है कि विवाद की शुरुआत दो युवकों द्वारा क्लब में खाना खाने के बाद पैसे नहीं देने को लेकर हुई। क्लब प्रबंधन ने जब उनसे भुगतान करने को कहा तो दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। मामला बढ़ने पर क्लब प्रबंधन ने दोनों युवकों की क्लब में प्रवेश पर रोक लगा दी।
आरोप है कि क्लब में प्रवेश बंद किए जाने से नाराज दोनों युवकों ने अपने साथियों को बुला लिया। कुछ ही देर में करीब 20 युवक क्लब में पहुंच गए और वहां जमकर हंगामा शुरू कर दिया। आरोप है कि युवकों ने क्लब में तोड़फोड़ की और कर्मचारियों के साथ मारपीट की।

घटना के दौरान क्लब के मालिक को भी कथित रूप से पीटा गया। आरोप यह भी है कि हमलावरों ने क्लब में रखी नकदी लूट ली और धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
मॉल के भीतर क्लब में अचानक हुए हंगामे और मारपीट से वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। कौशांबी थाना पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाते हुए घटना से जुड़े तथ्यों की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर घटना में शामिल लोगों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। पुलिस का कहना है कि शिकायत और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
क्लब प्रबंधन की ओर से आरोप लगाया गया है कि दबंगों ने पहले खाने के पैसे देने से इनकार किया और प्रवेश पर रोक लगाए जाने के बाद बड़ी संख्या में साथियों को बुलाकर क्लब में हमला और तोड़फोड़ की। मामले की जांच के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article