फर्रुखाबाद। पांचालघाट चौकी के पास अचेत अवस्था में मिली मानसिक रूप से बीमार महिला को लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उसके साथ मौजूद तीन बच्चों को उसी रात चाइल्ड हेल्पलाइन के सुपुर्द कर दिया गया। महिला ने बच्चों को अस्पताल में न देखकर हंगामा शुरू कर दिया। उसने स्वास्थ्य कर्मियों को वाइपर लेकर दौड़ाया और इमरजेंसी में भी पहुंच गई।
जानकारी के अनुसार करीब 25 वर्षीय महिला को पांचालघाट चौकी के पास अचेत अवस्था में पाया गया था। पुलिस की मदद से उसे लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया। महिला के साथ मौजूद तीन बच्चों को चाइल्ड हेल्पलाइन के कर्मचारियों ने अपनी निगरानी में ले लिया था।
महिला को जब अपने बच्चे दिखाई नहीं दिए तो वह नाराज हो गई और अस्पताल में हंगामा करने लगी। उसने वाइपर लेकर स्वास्थ्य कर्मियों को दौड़ाया। इसके बाद इमरजेंसी में पहुंचकर स्टूल उठाकर मारने का प्रयास किया। ड्यूटी स्टाफ नर्स और वार्डबॉय शिवकुमार ने उसे शांत कराने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं मानी।
महिला ने दवा रखने वाली मेज को भी हटाने का प्रयास किया और वहां से महिला अस्पताल की ओर जाने लगी। घटना की जानकारी अस्पताल प्रशासन को दी
चाइल्ड हेल्पलाइन की काउंसलर ज्योति शर्मा के अनुसार उनके सहयोगी अमित शुक्ला और रीना दुबे ने तीनों बच्चों को अपनी निगरानी में लिया था। बच्चों की पहचान शाहजहांपुर जिले के अल्हागंज निवासी पिंटू के बच्चों के रूप में हुई है। इनमें सूरज (5), परी और रितिक शामिल हैं। महिला के हंगामे की सूचना मिलने पर बच्चों को दोबारा उसके पास पहुंचाया गया। इसके बाद अस्पताल प्रशासन ने महिला को शांत कराने का प्रयास किया। सूचना मिलने पर सीएमएस भी मौके पर पहुंचे। सुरक्षा कर्मियों की मदद से महिला को चिकित्सकीय उपचार दिया गया, जिसके बाद वह शांत हुई। सीएमएस के अनुसार महिला को आगे के उपचार के लिए बरेली स्थित मानसिक स्वास्थ्य संस्थान भेजने की तैयारी की जा रही है। वहीं, बच्चों को नियमानुसार चाइल्ड हेल्पलाइन की निगरानी में रखने की प्रक्रिया की जाएगी।
बच्चों को न देख मानसिक रूप से बीमार महिला ने अस्पताल में किया हंगामा, स्टाफ को दौड़ाया


