हरदोई। आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर आजाद अधिकार सेना ने अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने 155-शाहाबाद विधानसभा क्षेत्र से हरदोई निवासी अधिवक्ता विमलेश शर्मा को अपना प्रत्याशी घोषित किया है।
पार्टी की केंद्रीय कार्यकारिणी के अनुमोदन के बाद राष्ट्रीय महासचिव डॉ. नूतन ठाकुर ने कार्यालय ज्ञाप जारी कर विमलेश शर्मा की उम्मीदवारी की औपचारिक घोषणा की।
अधिवक्ता विमलेश शर्मा को पार्टी ने सामाजिक सरोकारों और आम नागरिकों के अधिकारों के लिए सक्रिय रूप से आवाज उठाने वाला कार्यकर्ता बताया है। पार्टी के अनुसार, वह अन्याय के खिलाफ संघर्ष के साथ-साथ भ्रष्टाचार और जनसमस्याओं को लेकर भी लगातार सक्रिय रहे हैं।
आजाद अधिकार सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमिताभ ठाकुर ने कहा कि विमलेश शर्मा पार्टी की विचारधारा के अनुरूप अन्याय, अत्याचार और भ्रष्टाचार के खिलाफ संघर्ष को आगे बढ़ाते हुए शाहाबाद विधानसभा क्षेत्र से चुनाव मैदान में उतरेंगे।
उन्होंने कहा कि पार्टी आम नागरिकों के अधिकारों और जनसमस्याओं को चुनावी मुद्दा बनाएगी तथा जनता से जुड़े सवालों को मजबूती से उठाने का प्रयास करेगी।
विमलेश शर्मा के प्रत्याशी घोषित होने के बाद शाहाबाद विधानसभा क्षेत्र में पार्टी की राजनीतिक गतिविधियां तेज होने की संभावना है। पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनकी उम्मीदवारी का स्वागत करते हुए चुनाव की तैयारियों में जुटने की बात कही है।


