लखनऊ। राजधानी में सफाई व्यवस्था का जायजा लेने पहुंचे वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने नगर निगम अधिकारियों और मेयर के साथ जोन-3 एवं जोन-4 के कई वार्डों का निरीक्षण किया। इस दौरान नालियों और आसपास के क्षेत्रों में गंदगी मिलने पर मंत्री ने नाराजगी जताई।
निरीक्षण के दौरान वित्त मंत्री ने मौके पर मौजूद नगर निगम अधिकारियों से सफाई व्यवस्था की जानकारी ली और लापरवाही पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि शहर की सफाई व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सुरेश खन्ना ने गंदगी के लिए जिम्मेदार कर्मचारियों और अधिकारियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने नियमित सफाई, नालियों की समुचित सफाई और जलभराव की स्थिति रोकने के लिए प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निरीक्षण के दौरान सामने आई कमियों को तत्काल दूर कराया जाए और संबंधित क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था की लगातार निगरानी की जाए। नगर निगम अधिकारियों ने उन्हें आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।


