कायमगंज। कायमगंज-फर्रुखाबाद मार्ग के दोनों ओर उगी बड़ी-बड़ी झाड़ियों के कारण सड़क किनारे बने फुटपाथ गायब हो गए हैं। कई स्थानों पर मील के पत्थर भी झाड़ियों में छिप गए हैं। इससे वाहन चालकों को दूरी और रास्ते की सही जानकारी नहीं मिल पा रही है। वहीं फुटपाथ पर बने गड्ढे भी झाड़ियों के बीच छिपे होने से हादसे का खतरा बना हुआ है।
कायमगंज-फर्रुखाबाद मार्ग करीब 35 किलोमीटर लंबा है। मार्ग के दोनों ओर कई हिस्सों में झाड़ियां काफी बढ़ गई हैं। इनके कारण सड़क किनारे लगे मील के पत्थर दिखाई नहीं देते। फुटपाथ पर भी जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं, जो झाड़ियों के कारण नजर नहीं आते। ऐसे में सामने से वाहन आने या ओवरटेक करने के दौरान वाहन चालकों को किनारे जाने के लिए पर्याप्त जगह नहीं मिल पाती।
इस मार्ग से कई संपर्क मार्ग भी जुड़े हुए हैं। झाड़ियों के कारण इन रास्तों से मुख्य सड़क पर आने वाले वाहन दूर से दिखाई नहीं देते, जिससे दुर्घटना की आशंका बढ़ जाती है। इसके अलावा झाड़ियों में छिपे जानवर या वनरोज अचानक सड़क पर आ सकते हैं। रात के समय यह खतरा और बढ़ जाता है, जिसके चलते वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतनी पड़ती है।
आमतौर पर बारिश के मौसम में लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की ओर से सड़क किनारे उगी झाड़ियों की सफाई कराई जाती है, लेकिन इस बार अभी तक सफाई नहीं हुई है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से जल्द झाड़ियों की कटाई कराने तथा फुटपाथ की सफाई कराने की मांग की है।
झाड़ियों में छिपा कायमगंज-फर्रुखाबाद मार्ग का फुटपाथ, हादसों का बढ़ा खतरा


