लखनऊ। प्रदेश की योगी सरकार ने इंटरमीडिएट स्तर के विद्यार्थियों को बेहतर करियर मार्गदर्शन उपलब्ध कराने की दिशा में नई पहल शुरू करने की तैयारी की है। इसके तहत अब आईएएस , आईपीएस और आईएफएस समेत वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी हर माह विद्यार्थियों से संवाद करेंगे।
इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं, रोजगार, उद्यमिता और स्टार्टअप के क्षेत्र में सही दिशा और बेहतर अवसरों की जानकारी देना है। वरिष्ठ अधिकारी अपने अनुभव साझा करते हुए विद्यार्थियों को भविष्य की तैयारी के लिए प्रेरित करेंगे।
संवाद कार्यक्रमों में विशेष रूप से यूपीएससी ,यूपीपीएससी , एनडीए , जी , नीट और केट जैसी महत्वपूर्ण प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को लेकर विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया जाएगा। अधिकारी बताएंगे कि इन परीक्षाओं की तैयारी कब और किस रणनीति के साथ शुरू की जाए तथा उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग कैसे किया जा सकता है।
वरिष्ठ अधिकारी विद्यार्थियों को देश-प्रदेश में उपलब्ध उच्च शिक्षा के विकल्पों, विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार की संभावनाओं और सरकारी सेवाओं में करियर को लेकर भी जानकारी देंगे। इसके साथ ही बदलते दौर में उद्यमिता और स्टार्टअप के माध्यम से रोजगार सृजन और स्वरोजगार के अवसरों पर भी संवाद होगा।
सरकार की इस पहल से विद्यार्थियों को किताबों और पाठ्यक्रम से आगे बढ़कर प्रशासनिक अधिकारियों के प्रत्यक्ष अनुभव और मार्गदर्शन का लाभ मिलने की उम्मीद है।


