कुबेरपुर-कुसमपुर मार्ग पर आवागमन का खतरा
अमृतपुर (फर्रुखाबाद)। राजेपुर थाना क्षेत्र में बाढ़ के पानी के तेज बहाव ने कुतलुपुर से कुबेरपुर और कुसमपुर को जोड़ने वाली आरसीसी सड़क को कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त कर दिया है। सड़क के किनारों पर लगातार हो रहे कटान के कारण मार्ग कमजोर होता जा रहा है। ऐसे में यदि पानी का बहाव इसी तरह जारी रहा तो सड़क का बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त होकर आवागमन पूरी तरह बाधित होने की आशंका है।
ग्रामीणों छविराम, राजू, सोनू और रामपाल ने बताया कि बाढ़ का पानी आसपास के क्षेत्रों और सड़कों पर लगातार भरा हुआ है। तेज बहाव के कारण सड़क के दोनों ओर कटान हो रहा है। इसके चलते आरसीसी सड़क कई जगह से टूट गई है और मार्ग पर चलना जोखिम भरा हो गया है। ग्रामीणों के अनुसार फिलहाल सबसे अधिक परेशानी दोपहिया वाहन चालकों को हो रही है।
कुतलुपुर-कुबेरपुर-कुसमपुर मार्ग स्थानीय ग्रामीणों के लिए महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। इसी रास्ते से ग्रामीण खेतों, बाजार और आसपास के गांवों तक पहुंचते हैं। सड़क के क्षतिग्रस्त होने से किसानों और राहगीरों के सामने भी परेशानी खड़ी हो सकती है। बाढ़ का पानी और बढ़ा तो मार्ग के पूरी तरह कटने का खतरा बना हुआ है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि क्षतिग्रस्त सड़क का तत्काल निरीक्षण कराया जाए और कटान वाले स्थानों पर सुरक्षा के इंतजाम किए जाएं। ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते मरम्मत और बचाव कार्य नहीं हुआ तो बाढ़ के दौरान यह महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग पूरी तरह बंद हो सकता है, जिससे कई गांवों के लोगों को आवागमन के लिए वैकल्पिक रास्तों का सहारा लेना पड़ेगा।


