फर्रुखाबाद। बरेली-इटावा हाईवे पर 26 जुलाई की रात हरियाणा की रियल एस्टेट कंपनी के कर्मी की गोली मारकर हत्या किए जाने के मामले में पुलिस ने 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को रोडवेज बस अड्डे से पकड़ा गया। पुलिस ने उसे अदालत में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। मामले में मुख्य शूटर समेत तीन आरोपी अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं।
कादरीगेट थाना क्षेत्र में पांचाल घाट चौकी से कुछ दूरी पर 26 जुलाई की रात हरियाणा के फरीदाबाद जिले के बल्लभगढ़ (चंदावली) थाना क्षेत्र के दयालपुर गांव निवासी अरुण हुड्डा (32) की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। अरुण अपनी पत्नी राखी और ढाई साल के बेटे जयंत के साथ कार से वाराणसी से घर लौट रहे थे।
हाईवे पर एक दुकान से कोल्ड ड्रिंक लेने के लिए अरुण कार से नीचे उतरे थे। इसी दौरान एक शूटर ने उनकी कनपटी और हाथ में गोली मार दी। घटना को अंजाम देने के बाद कार सवार आरोपी मौके से फरार हो गए।
अरुण की पत्नी राखी की तहरीर पर दयालपुर निवासी रोहित और दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई थी। पुलिस ने 31 जुलाई को हरियाणा के पलवल जिले के गदपुरी थाना क्षेत्र के धतीर गांव निवासी सोनू उर्फ कर्मवीर और घटना के समय कार में मौजूद 14 वर्षीय किशोर को गिरफ्तार किया था। सोनू पर हत्या में इस्तेमाल की गई कार उपलब्ध कराने का आरोप है।
थानाध्यक्ष कपिल कुमार के अनुसार, कार मालिक सोनू के सगे भाई साहिल ने अरुण की कनपटी में गोली मारी थी। पुलिस के मुताबिक हत्या की साजिश में रोहित, रंजीत और अमित की मुख्य भूमिका रही।
पुलिस ने दयालपुर निवासी रंजीत (34) को रोडवेज बस अड्डे से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में रंजीत ने पुलिस को बताया कि अरुण आए दिन दबंगई करते हुए गाली-गलौज करता था। उसके अनुसार, उसे डर था कि अगर अरुण को नहीं मारा गया तो वह उन्हें नुकसान पहुंचा सकता है।
पुलिस अधीक्षक ने तीन दिन पहले रंजीत समेत तीन अन्य आरोपियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। रंजीत की गिरफ्तारी के बाद भी मामले में मुख्य शूटर समेत तीन आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। पुलिस उनकी तलाश में दबिश दे रही है।
रियल एस्टेट कंपनी कर्मी की हत्या में 25 हजार का इनामी गिरफ्तार


