मोहम्मदाबाद: थाना क्षेत्र के ग्राम अभयपुर नगरिया निवासी गीता पत्नी हशनू जाटव ने गांव के ही दो लोगों पर गाली-गलौज और मारपीट करने का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
गीता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 26 जुलाई की रात करीब आठ बजे वह अपने घर के बाहर खड़ी थी। इसी दौरान गांव निवासी उम्लेश पुत्र मुन्नीलाल और उसकी पत्नी मिथला वहां पहुंच गए। आरोप है कि दोनों ने गाली-गलौज करते हुए लात-घूंसों और लाठी-डंडों से उसकी मारपीट कर दी। बीच-बचाव करने आए उसके देवर धर्मेंद्र सिंह के साथ भी मारपीट की गई, जिससे दोनों को चोटें आईं।
पीड़िता के मुताबिक, जब उसने घटना की शिकायत पुलिस से करने की बात कही तो आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी। मामले की जानकारी मिलने पर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अमोद कुमार सिंह ने पीड़िता का चिकित्सीय परीक्षण कराया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर उम्लेश और मिथला के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच ताजपुर चौकी प्रभारी कपिल कुमार कुशवाह को सौंपी गई है।
घर के बाहर खड़ी महिला से मारपीट, दो पर मुकदमा


