यूथ इंडिया इंदरगढ़ कन्नौज
इंदरगढ़ के पटेल नगर तिराहे की घटना, पुलिस मौके पर पहुंची; थाना प्रभारी बोले—पूछताछ और जांच के बाद होगी कार्रवाई
इंदरगढ़/कन्नौज। इंदरगढ़ कस्बे के पटेल नगर तिराहे पर बस में चढ़ते समय एक महिला के साथ टप्पेबाजी का मामला सामने आया है। महिला ने टप्पेबाजों पर उसके बैग में रखे लाखों रुपये कीमत के जेवरात और नकदी पार करने का आरोप लगाया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी।बताया गया कि महिला अपने मायके से वापस घर जाने के लिए बस में सवार हो रही थी। इसी दौरान भीड़ के बीच कथित रूप से टप्पेबाजों ने उसके बैग को निशाना बनाया। बस में बैठने के बाद महिला ने अपना बैग देखा तो उसमें रखे जेवरात और नकदी गायब होने की जानकारी हुई। इसके बाद महिला ने मामले की सूचना पुलिस को दी।महिला ने पुलिस को बताया कि बैग में जेवरात के साथ नकदी भी रखी थी, जिसकी कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए आसपास मौजूद लोगों से जानकारी जुटाई और मामले की पड़ताल शुरू की।हालांकि पुलिस प्रथम दृष्टया घटना को संदिग्ध मानकर जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि महिला के आरोपों और घटनाक्रम की पूरी जानकारी जुटाने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।इस संबंध में इंदरगढ़ थाना अध्यक्ष विनोद कश्यप ने बताया कि मामले का संज्ञान लिया गया है। महिला से पूछताछ की जा रही है और घटनास्थल समेत पूरे मामले की जांच-पड़ताल कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।बस में चढ़ते समय हुई कथित टप्पेबाजी ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। अब पुलिस की जांच के बाद ही साफ होगा कि महिला के जेवरात और नकदी वास्तव में टप्पेबाजी का शिकार हुए या मामला कुछ और है।


