31 C
Lucknow
Tuesday, September 8, 2026

जनपद स्तरीय योगासन प्रतियोगिता में विजेता खिलाड़ी मंडल स्तर के लिए चयनित

Must read

शमसाबाद, फर्रुखाबाद। डीएवी इंटर कॉलेज रजलामई में सोमवार को जनपद स्तरीय योगासन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। माध्यमिक शिक्षा विभाग के तत्वावधान में आयोजित प्रतियोगिता में जनपद के विभिन्न विद्यालयों से आए छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य सुलभ कुमार ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने सभी प्रतिभागियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। प्रधानाचार्य ने विद्यार्थियों को योग को अपने जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश देते हुए कहा कि नियमित योग से शरीर और मन दोनों स्वस्थ रहते हैं।
प्रतियोगिता बालक एवं बालिका वर्ग में अंडर-14 सब-जूनियर, अंडर-17 जूनियर और अंडर-19 सीनियर वर्ग में आयोजित की गई। प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। निर्णायक की महत्वपूर्ण भूमिका योग प्रशिक्षक घनश्याम बिंद ने निभाई।
बालक वर्ग के अंडर-19 सीनियर वर्ग में डीएवी रजलामई के आयूष ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। भारतीय पाठशाला फर्रुखाबाद के नैतिक शाक्य द्वितीय और आशुतोष श्रीवास्तव तृतीय स्थान पर रहे। अंडर-17 जूनियर वर्ग में नितिन ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि जनता इंटर कॉलेज रसीदाबाद के अंशू और नितिन कुमार ने द्वितीय स्थान हासिल किया। कर्नल बृजमान इंटर कॉलेज शुकरुल्लापुर के आदर्श तृतीय स्थान पर रहे।
अंडर-14 सब-जूनियर बालक वर्ग में भारतीय पाठशाला फर्रुखाबाद के श्रेष्ठ ने प्रथम, रितिक ने द्वितीय और संकल्प ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
बालिका वर्ग के अंडर-19 सीनियर वर्ग में डीएवी रजलामई की आकांक्षा ने प्रथम स्थान हासिल किया। लवली द्वितीय और जयन्ती तृतीय स्थान पर रहीं। अंडर-17 जूनियर वर्ग में डीएवी रजलामई की काजल ने प्रथम और प्रियांशी ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वहीं अंडर-14 सब-जूनियर बालिका वर्ग में डीएवी रजलामई की आरती ने प्रथम स्थान हासिल किया।
आयोजन समिति के अनुसार प्रतियोगिता के सभी वर्गों में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों का चयन मंडल स्तरीय योगासन प्रतियोगिता के लिए किया गया है। चयनित खिलाड़ी अब मंडल स्तर पर जनपद का प्रतिनिधित्व करेंगे।
इस अवसर पर विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक संजीत कुमार गंगवार, राजेन्द्र कुमार शर्मा, भुवनेश कुमार, शुभदीप मुखर्जी, मनोज कुमार, सुरेश विश्नोई, संजय धनंजय सिंह और नेहा भारद्वाज सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ मौजूद रहा। कार्यक्रम का संचालन भुवनेश कुमार ने किया।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article