शमशाबाद, फर्रुखाबाद। बाढ़ के बीच अवैध बालू के कारोबार पर प्रशासन ने शिकंजा कसते हुए दो बालू से भरी ट्रैक्टर-ट्रालियों को पकड़ लिया। कार्रवाई के बाद दोनों ट्रैक्टर-ट्रालियों को पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। प्रशासन की कार्रवाई से बालू के अवैध कारोबार में लगे लोगों में खलबली मच गई।
जानकारी के अनुसार पहली बालू से भरी ट्रैक्टर-ट्राली गंगा रोड पर पकड़ी गई, जबकि दूसरी ट्रैक्टर-ट्राली ढाई घाट मार्ग पर पकड़ी गई। ढाई घाट मार्ग पर पकड़ी गई ट्राली को राजस्व विभाग के माध्यम से शमशाबाद थाना पुलिस को सौंपा गया। वहीं गंगा रोड पर दूसरी ट्रैक्टर-ट्राली को एसडीएम कायमगंज ने स्वयं पकड़कर पुलिस के हवाले किया।
बताया जा रहा है कि पिछले कुछ दिनों से ढाई घाट-शमशाबाद मार्ग पर बालू से भरी ट्रैक्टर-ट्रालियों को लगातार आते-जाते देखा जा रहा था। गंगा कटरी क्षेत्र में बाढ़ के चलते खनन की प्रक्रिया बंद होने के बावजूद बालू का परिवहन किए जाने को लेकर स्थानीय लोगों में भी चर्चा बनी हुई थी।
लोगों ने आशंका जताई कि बालू कारोबारी पहले से डंप की गई बालू को ऊंचे दामों पर बेचकर अवैध मुनाफा कमा रहे हैं, जिससे राजस्व विभाग को भी नुकसान हो सकता है। कार्रवाई के दौरान ट्रैक्टर-ट्राली चालकों से बालू से संबंधित कागजात मांगे गए, लेकिन वे कोई वैध प्रपत्र प्रस्तुत नहीं कर सके।
इसके बाद प्रशासन ने दोनों ट्रैक्टर-ट्रालियों को कब्जे में लेकर पुलिस के सुपुर्द कर दिया। फिलहाल पुलिस दोनों मामलों में आवश्यक कार्रवाई कर रही है। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद अवैध बालू के कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप की स्थिति है।
एसडीएम कायमगंज ने दो बालू भरी ट्रैक्टर-ट्रालियां पकड़ीं, पुलिस को सौंपी


