केंद्रीय और राज्य सरकार में साझीदार अपना दल को बताया ‘सपना दल’
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजनीति में चुनावी सरगर्मी बढ़ने के साथ ही सहयोगी दलों और सामाजिक संगठनों के बीच बयानबाजी भी तेज हो गई है। करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष सूरजपाल सिंह ने कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर पर तीखा हमला बोलते हुए ऐसा बयान दिया है, जिसने प्रदेश की राजनीति में नई बहस छेड़ दी है।
एक कार्यक्रम के दौरान सूरजपाल सिंह ने सरकार की राजनीतिक प्राथमिकताओं पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब ओम प्रकाश राजभर जैसे नालायक व्यक्ति को मंत्री बनाया जा सकता है और छोटे सहयोगी दलों को सीटें दी जा सकती हैं, तो करणी सेना चुनाव मैदान में उतरने से पीछे क्यों रहे। उन्होंने ओम प्रकाश राजभर पर निशाना साधते हुए उनकी राजनीतिक भूमिका और प्रभाव पर सवाल खड़े किए।
सूरजपाल सिंह ने भाजपा की सहयोगी पार्टी अपना दल पर भी कटाक्ष करते हुए सपना दल’ बताया । उन्होंने कहा कि यदि कुछ क्षेत्रीय दलों को लगातार राजनीतिक महत्व दिया जा सकता है, तो करणी सेना को भी अपनी राजनीतिक ताकत दिखाने का पूरा अधिकार है। उनके इस बयान को आगामी चुनावों से पहले सीटों की दावेदारी और राजनीतिक दबाव की रणनीति के रूप में देखा जा रहा है।


