केंद्र सरकार पर प्रियंका गांधी का हमला, गृह मंत्री और शिक्षा मंत्री से मांगा जवाब
विशेष संवाददाता, यूथ इंडिया
नई दिल्ली। संसद परिसर में गुरुवार को कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने संसद की कार्यवाही बाधित होने को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि संसद नहीं चलने के लिए विपक्ष से अधिक सरकार से सवाल किए जाने चाहिए।
प्रियंका गांधी ने कहा, “आप हमसे वही प्रासंगिक सवाल पूछिए कि संसद की कार्यवाही क्यों नहीं चल रही है। यह सवाल सरकार से पूछिए कि सदन क्यों ठप पड़ा है।” उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रों पर लाठीचार्ज किया गया, जिसमें कई छात्र घायल हुए और अस्पतालों में भर्ती हैं। उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले में सरकार की जवाबदेही तय होनी चाहिए।
प्रियंका गांधी ने कहा कि इस मुद्दे पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और गृह मंत्री अमित शाह को जवाब देना चाहिए। उन्होंने कहा, “शिक्षा मंत्री से पूछिए कि छात्रों पर लाठियां क्यों चलीं। गृह मंत्री से पूछिए कि वे इस्तीफा क्यों नहीं देते। जिन बच्चों को बुरी तरह पीटा गया और जो अस्पतालों में भर्ती हैं, उनकी जिम्मेदारी कौन लेगा?”
उन्होंने पत्रकारों से भी सवाल किया कि क्या उन्होंने इस मामले पर गृह मंत्री और शिक्षा मंत्री से जवाब मांगा है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज सदन में नहीं आए, इसलिए उनसे भी जवाब नहीं मिल सका।


