अमरोहा। हसनपुर क्षेत्र स्थित एक बैंक्वट हॉल में शादी समारोह के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब दावत के बीच बिरयानी खत्म हो गई। मामूली कहासुनी ने देखते ही देखते विवाद का रूप ले लिया और बरातियों व घरातियों के बीच जमकर मारपीट शुरू हो गई।
बताया गया कि शनिवार शाम करीब छह बजे बरात पहुंची थी और सभी मेहमान भोजन कर रहे थे। इसी दौरान बिरयानी खत्म हो गई और दोबारा तैयार होने में देरी होने लगी। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में पहले बहस हुई, जो कुछ ही देर में हिंसक झड़प में बदल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गुस्साए लोगों ने एक-दूसरे पर कुर्सियां फेंकनी शुरू कर दीं। हालात इतने बिगड़ गए कि कुछ लोग पानी के कैंपर उठाकर भी हमला करते नजर आए। देखते ही देखते पूरा बैंक्वट हॉल रणक्षेत्र में तब्दील हो गया।
इस दौरान महिलाओं और बच्चों में दहशत फैल गई और मौके पर भगदड़ जैसे हालात बन गए। कई लोग जान बचाकर इधर-उधर भागते दिखे। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। सीओ पंकज त्यागी के अनुसार वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। फिलहाल किसी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं मिली है, लेकिन शिकायत मिलने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


