कोलकाता। पश्चिम बंगाल सरकार के एक दुर्गा पूजा संबंधी विज्ञापन में मां दुर्गा की तस्वीर को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। विज्ञापन में देवी दुर्गा को पारंपरिक 10 भुजाओं के बजाय 11 भुजाओं के साथ दिखाया गया। तस्वीर सामने आने के बाद विपक्षी दलों ने सरकार पर निशाना साधा। विवाद बढ़ने पर मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने माफी मांगते हुए भविष्य में ऐसी गलती न होने का भरोसा दिया।
कोलकाता के मिलन मेला प्रांगण में दुर्गा पूजा समितियों के साथ बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि विज्ञापन के लिए जिम्मेदार लोगों को चेतावनी दी गई है। उन्होंने माना कि सरकार को धार्मिक प्रतीकों से जुड़े विज्ञापनों को लेकर अधिक सावधानी बरतनी चाहिए।
टीएमसी विधायक कुणाल घोष ने विज्ञापन की तस्वीर साझा कर सवाल उठाया कि जब मां दुर्गा की पारंपरिक तस्वीर में 10 भुजाएं होती हैं तो इस विज्ञापन में उन्हें 11 भुजाओं वाला क्यों दिखाया गया। सीपीएम नेता शतरूप घोष ने भी सरकार पर तंज कसा।
वहीं, भाजपा नेता समिक भट्टाचार्य ने कहा कि अगर तस्वीर में गलती हुई है तो उसे सुधार दिया जाएगा। उन्होंने इसे राजनीतिक मुद्दा बनाने पर भी सवाल उठाया। सूचना एवं सांस्कृतिक मामलों के विभाग की ओर से जारी विज्ञापन में दुर्गा पूजा समितियों के साथ होने वाली समन्वय बैठक की जानकारी दी गई थी।
इसी बीच मुख्यमंत्री ने दुर्गा पूजा की अष्टमी के दिन राज्य में शराब की बिक्री पूरी तरह बंद रखने की घोषणा भी की है। उन्होंने कहा कि अष्टमी पर सभी शराब की दुकानें और बार बंद रहेंगे।


