उत्तर प्रदेश के संभल जिले के थाना रजपुरा क्षेत्र के गांव मोलनपुर डांडा में एक शादी समारोह के बाद बड़ा फूड प्वाइजनिंग का मामला सामने आया है। शादी में बनी लौकी की लौज (बर्फी) खाने के बाद करीब 15 बच्चों समेत 100 से अधिक लोग बीमार हो गए, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, वीरपाल की बेटी की शादी में सिंघोला दौलत सिंह गांव से बारात आई थी। रविवार देर रात दावत का आयोजन किया गया, जिसमें करीब 300 से 400 लोगों ने भोजन किया। भोजन के कुछ घंटों बाद ही कई लोगों को बेचैनी और पेट दर्द की शिकायत होने लगी, जिसे शुरुआत में गर्मी की वजह मानकर नजरअंदाज किया गया।
सोमवार दोपहर तक स्थिति गंभीर हो गई और बड़ी संख्या में लोगों को उल्टी, दस्त और पेट दर्द की शिकायत होने लगी। इसके बाद परिजन बीमार लोगों को तुरंत अलग-अलग निजी अस्पतालों में ले गए, जहां उनका इलाज किया गया। डॉक्टरों के अनुसार सभी मरीजों की हालत अब स्थिर है।
इलाज कर रहे डॉक्टरों ने प्रारंभिक तौर पर बताया कि मरीजों में डिहाइड्रेशन की समस्या पाई गई है, जो संभवतः मिठाई या भोजन में गड़बड़ी के कारण हुई हो सकती है। हालांकि, बीमारी की असली वजह जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी।
घटना की सूचना मिलते ही खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम गांव पहुंची। मुख्य खाद्य अधिकारी राहुल सिंह और खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजेश कुमार ने मौके पर पहुंचकर शादी में बनी लौकी की लौज के सैंपल लिए और उन्हें जांच के लिए लैब भेज दिया।
एक साथ इतनी बड़ी संख्या में लोगों के बीमार होने से गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने भोजन की गुणवत्ता पर सवाल उठाए हैं और पूरे मामले की गहन जांच की मांग की है। फिलहाल प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है और रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।


