अमृतपुर (फर्रुखाबाद)। करीब एक वर्ष पहले सराफा व्यापारी के मुनीम से हुई चर्चित लूट की वारदात में फरार चल रहे वांछित आरोपी को अमृतपुर थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। लंबे समय से पुलिस को चकमा दे रहा आरोपी आखिरकार मुखबिर की सटीक सूचना पर गुजरपुर पमारान बॉर्डर के पास घेराबंदी कर दबोच लिया गया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस भी बरामद हुआ।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुमित पुत्र कृष्णपाल, निवासी ग्राम पहलादपुर, थाना जैथरा, जनपद एटा के रूप में हुई है। आरोपी सराफा व्यापारी के मुनीम से हुई चर्चित लूटकांड में लंबे समय से वांछित चल रहा था और गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था।
जांच में सामने आया कि आरोपी के खिलाफ विभिन्न जनपदों के कई थानों में आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। उसके आपराधिक इतिहास को देखते हुए पुलिस ने उस पर गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की है। वहीं अवैध हथियार मिलने पर शस्त्र अधिनियम के तहत अलग से मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पिछले एक वर्ष से लगातार दबिश दी जा रही थी, लेकिन वह हर बार पुलिस को चकमा देकर फरार हो जाता था। रविवार को विश्वसनीय मुखबिर से मिली सूचना के बाद पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस आरोपी से उसके आपराधिक नेटवर्क, लूट की वारदात में शामिल अन्य साथियों और अन्य घटनाओं के संबंध में गहन पूछताछ कर रही है। आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस का कहना है कि जिले में सक्रिय अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और संगठित अपराध में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।
एक साल बाद पुलिस के शिकंजे में सराफा लूट कांड का वांछित, गैंगस्टर एक्ट में कार्रवाई, तमंचा-कारतूस बरामद


