बार-बार ट्रिपिंग और लंबे समय तक बिजली आपूर्ति बाधित रहने से किसानों व उपभोक्ताओं में आक्रोश, सिंचाई कार्य प्रभावित होने का आरोप
शमशाबाद, फर्रुखाबाद। शमशाबाद क्षेत्र में अघोषित बिजली कटौती और बार-बार ट्रिपिंग से परेशान ग्रामीणों का गुस्सा शुक्रवार को फूट पड़ा। लगातार कई दिनों से बिजली आपूर्ति बाधित रहने और शिकायतों के बावजूद समस्या का समाधान न होने से नाराज ग्रामीण उपभोक्ताओं और किसानों ने शमशाबाद विद्युत उपकेंद्र पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान उपकेंद्र परिसर में जमकर नारेबाजी हुई और कर्मचारियों के साथ तीखी नोकझोंक भी हुई। हालात बिगड़ते देख पुलिस को मौके पर बुलाना पड़ा।
ग्रामीणों का कहना था कि विकासखंड शमशाबाद के ग्राम मुरैठी के मजरा सरौठी सहित आसपास के क्षेत्रों में पिछले कई दिनों से बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है। दिन और रात में बार-बार बिजली गुल होने तथा लगातार ट्रिपिंग के कारण लोगों का भीषण गर्मी में घरों में रहना मुश्किल हो गया है। वहीं किसानों को खेतों की सिंचाई करने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, जिससे फसलों पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका बढ़ गई है।
आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बिजली विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को कई बार शिकायतें दी गईं, लेकिन किसी ने समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में गंभीरता नहीं दिखाई। इसी से नाराज होकर दर्जनों किसान और उपभोक्ता एकत्र होकर विद्युत उपकेंद्र पहुंच गए और विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन शुरू कर दिया।
उपकेंद्र पर अचानक बड़ी संख्या में ग्रामीणों के पहुंचने से कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। कर्मचारियों ने तत्काल मामले की जानकारी संबंधित अवर अभियंता (जेई) और उच्चाधिकारियों को दी। इसी बीच स्थिति तनावपूर्ण होती देख पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों को शांत कराने और उनकी समस्याओं को सुनकर समाधान का भरोसा दिलाने का प्रयास किया। इस दौरान कुछ ग्रामीणों और कर्मचारियों के बीच तीखी कहासुनी भी हुई। हालांकि पुलिस की मौजूदगी में स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हो गई। मौके पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लेने की भी जानकारी दी।
अघोषित बिजली कटौती से भड़के ग्रामीण, शमशाबाद विद्युत उपकेंद्र पर हंगामा; कर्मचारियों से नोकझोंक, पुलिस ने संभाला मोर्चा


